उज्जैन के गंगा रेस्टोरेंट में शनिवार रात एक भीषण हादसा हुआ, जिसमें चार कर्मचारियों की जान चली गई। रेस्टोरेंट के फूड वेस्ट टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस और दम घुटने से यह अनहोनी घटना हुई। रात करीब 10:30 बजे जब एक कर्मचारी सफाई के लिए चैंबर में उतरा, तो वह बाहर नहीं निकल सका। उसे बचाने के प्रयास में एक-एक कर तीन और कर्मचारी अंदर चले गए, और चारों जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही माधव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। चैंबर का गेट बंद होने के कारण राहत कार्य में बाधा आ रही थी। पास के निर्माण स्थल से कटर मशीन मंगवाकर गेट काटा गया, जिससे अंदर जाने का रास्ता बना। चैंबर के फर्श पर अत्यधिक फिसलन होने के कारण बचाव दल को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। लगभग डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चारों कर्मचारियों को बाहर निकाला गया। बाहर निकालने के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनकी जान बचाने के लिए सीपीआर दिया, लेकिन सभी प्रयास विफल रहे। चारों कर्मचारियों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कमलेश तंबोली, नितिन, वाहिद और मनोज मीणा के रूप में हुई है। इनमें कमलेश और नितिन वाल्मीकि नगर, वाहिद सोमवारिया और मनोज झालावाड़ के निवासी थे। चारों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। हादसे के दौरान हेमराज नामक एक पांचवां सफाईकर्मी भी चैंबर में गया था, लेकिन घबराहट होने पर वह समय रहते बाहर निकल आया। वहीं, चार लोगों को बचाने के लिए चैंबर में उतरे दो अन्य लोगों की तबीयत भी बिगड़ गई, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा ने घटनास्थल का दौरा कर बचाव अभियान का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए। इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एसआई धर्मेंद्र सिंह तोमर, आरक्षक संतोष और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
समाचार
गंगा होटल में दर्दनाक हादसा, चार कर्मचारियों की मौत
1 नवंबर 2026 को 10:51 pm बजे

गंगा होटल में दर्दनाक हादसा, चार कर्मचारियों की मौत
इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया
