भोपाल क्राइम ब्रांच पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 12.76 ग्राम एमडी ड्रग्स और मोबाइल सहित करीब पौने चार लाख का माल जब्त किया है। पुलिस ने आरोपी को तब पकड़ा जब वह माल खपाने के लिए ग्राहक की तलाश में खड़ा था
भोपाल क्राइम ब्रांच पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 12.76 ग्राम एमडी ड्रग्स और मोबाइल सहित पौने चार लाख का माल जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी को तब पकड़ा जब वह माल खपाने के लिए ग्राहक की तलाश में खड़ा था। थाना प्रभारी क्राइम ब्रांच अशोक मरावी ने बताया कि बीते दिन मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली। एमपी नगर जोन-1 में स्थित यस बैंक के सामने ग्राउंड में एक संदिग्ध युवक एमडी ड्रग्स लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहा था। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अम्मार राजा पिता काईत जोहर राजा (29) निवासी ओल्ड सेफिया कालेज रोड़ थाना कोतवाली के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से 12.76 ग्राम ड्रग्स और मोबाइल सहित 3 लाख 82 हजार से अधिक कीमत का माल मिला। पुलिस ने इसे जांच के लिए जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी तस्कर ड्रायवरी का काम करता है। पुलिस उसके सप्लाई नेटवर्क के तार खंगालने के लिए मोबाइल की जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ और मोबाइल की जांच के आधार पर अन्य आरोपियों की जानकारी सामने आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

