वर्षा काल में विष्णुरूपी सूर्य बादलों से ढक जाते हैं। जब तक मेघों से मुक्त नहीं होते, तब तक चार महीने भगवान का शयनकाल रहता है। इसे चातुर्मास कहते हैं। देवउठनी एकादशी के दिन जब भगवान जागृत होते हैं, तब शुभ कार्यों की शुरुआत होती है। आज देवउठनी एकादशी पर भगवान को जगाने के बाद उनकी विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी। संध्याकाल में भगवान को जगाने और पूजा करने का शुभ मुहूर्त 20 नवंबर को शाम 5 बजकर 26 मिनट से शाम 5 बजकर 52 मिनट तक रहेगा। यह मुहूर्त गोधूलि मुहूर्त में होगा और हरि के पूजन के लिए संध्याकाल में केवल 26 मिनट का समय मिल रहा है। आज पूरे दिन रवि योग भी रहेगा। ऐसे में दान-धर्म के कार्यों के लिए पूरा दिन शुभ माना गया है। देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु को योग निद्रा से जगाने की विशेष परंपरा है। इस दिन घर के आंगन या पूजा स्थल पर गन्ने का मंडप सजाया जाता है। पूजा स्थल पर घी का दीपक जलाया जाता है। मंडप के बीच में रंगोली या चौक बनाकर भगवान विष्णु की प्रतिमा स्थापित की जाती है। इसके बाद श्रीहरि को गन्ना, सिंघाड़ा, मौसमी फल और मिठाइयों का भोग लगाया जाता है। भगवान से जागने की प्रार्थना की जाती है। इस दौरान शंख और घंटियां बजाई जाती हैं। भक्त भजन-कीर्तन के साथ भगवान को योग निद्रा से जागने का निमंत्रण देते हैं। भगवान विष्णु के चातुर्मास में योग निद्रा लेने और देवउठनी एकादशी पर जागने के पीछे वामन अवतार से जुड़ी कथा प्रचलित है। पद्म पुराण में वर्णित प्रसंग के अनुसार, भगवान विष्णु ने वामन अवतार धारण कर दैत्यराज बलि से तीन पग भूमि दान में मांगी थी। राजा बलि अपनी दानशीलता और वचन निभाने के लिए प्रसिद्ध थे। उन्होंने भगवान वामन को तीन पग भूमि देने का वचन दे दिया। भगवान ने विराट रूप धारण कर दो पग में पृथ्वी और स्वर्ग को नाप लिया। तीसरे पग के लिए स्थान न बचने पर राजा बलि ने अपना सिर आगे कर दिया। उन्होंने भगवान से तीसरा पग वहां रखने का आग्रह किया। राजा बलि की भक्ति, समर्पण और दानशीलता से प्रसन्न होकर भगवान विष्णु ने उन्हें वरदान मांगने के लिए कहा। बलि ने भगवान से अपने साथ पाताल लोक में रहने का आग्रह किया।
समाचार
देवउठनी एकादशी आज, शुरू होंगे मांगलिक आयोजन
20 नवंबर 2026 को 11:06 pm बजे

देवउठनी एकादशी आज, शुरू होंगे मांगलिक आयोजन
