कार पलटने पर सभी लोग सुरक्षित रहे, कोई शिकायत नहीं
दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार बलेनो कार बेकाबू होकर खेत में जा गिरी और दो बार पलट गई। हादसे में कार में सवार 5 लोग सुरक्षित रहे। बताया गया कि कार की रफ्तार तेज थी, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा। स्थानीय लोगों ने घटनास्थल पर पहुंचकर मदद की और पुलिस को सूचना दी। हादसे के करीब एक घंटे बाद कार को स्टार्ट किया गया। कार चालू होने के बाद सभी लोग उसमें सवार होकर वापस जबलपुर की ओर रवाना हो गए। पुलिस ने बताया कि कार में सवार सभी लोग जबलपुर जिले के पाटन थाना क्षेत्र के नुनसर गांव के रहने वाले थे। हादसे के दौरान समय पर एयरबैग खुलने से सभी सुरक्षित बच गए।

