वन विहार नेशनल पार्क, सागर में एक बाघ की हॉक ज्वाइंट फ्यूजन सर्जरी की गई है। वन अधिकारियों का दावा है कि मध्य प्रदेश में यह सर्जरी पहली बार हुई है। इलाज के बाद बाघ ने सामान्य तौर पर भोजन करना शुरू किया है। शुक्रवार को बाघ ने भोजन किया, जबकि डॉक्टरों की टीम उसके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखे रही। सागर वनमंडल के परिक्षेत्र ढाना की बीट रानगिर में करीब चार साल का नर बाघ गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला था। वन विहार के मुताबिक, 3 नवंबर को बाघ का रेस्क्यू किया गया और उसे वन विहार लाया गया। वहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज शुरू हुआ। बाघ को रेस्क्यू करने के बाद वन विहार लाया गया था, जहां उसके इलाज की प्रक्रिया शुरू की गई। 7 नवंबर को बाघ का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया और एक्स-रे भी कराया गया। जांच में उसके पिछले बाएं पैर में फ्रैक्चर पाया गया। उपचार के लगभग सात दिन बाद पैर की टूटी हुई हड्डी मांसपेशियों और त्वचा को भेदकर बाहर आ गई। चिकित्सकीय जांच में इसे ओपन फ्रैक्चर डिसलोकेशन ऑफ डिस्टल एक्स्ट्रीमिटी ऑफ टिबिया-फिबुला के रूप में चिन्हित किया गया। बाघ की गंभीर स्थिति को देखते हुए 18 नवंबर को गठित विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने यह जटिल सर्जरी की। मध्य प्रदेश में वन्यजीव के उपचार में अपनी तरह की पहली इस शल्यक्रिया के दौरान बाघ के बाएं पिछले पैर के हॉक जॉइंट का फ्यूजन किया गया। यह सर्जरी प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक डॉ. समीता राजौरा और वन विहार के संचालक विजय कुमार की उपस्थिति में हुई। सर्जरी करने वाली विशेषज्ञ टीम में डॉक्टरों का समूह शामिल रहा। सर्जरी वाली टीम में वरिष्ठ वन्यप्राणी चिकित्सक डॉ. अतुल गुप्ता शामिल रहे। वरिष्ठ वेटनरी सर्जन डॉ. सुनील कुमार तुमड़िया भी टीम का हिस्सा रहे। सेंटर फॉर वाइल्ड लाइफ फॉरेंसिक एंड हेल्थ की सह- प्राध्यापक डॉ. काजल जाधव, डॉ. रणधीर सिंह चौहान और डॉ. शोभा जावरे आदि भी इस टीम में शामिल थे। वर्तमान में घायल नर बाघ की स्थिति संतोषजनक बताई गई है। उसने पुनः नियमित रूप से भोजन करना शुरू कर दिया है। बाघ के स्वास्थ्य और गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। विशेष चिकित्सकों की देख-रेख में उसका उपचार जारी है।
समाचार
वन विहार में बाघ की पहली जॉइंट सर्जरी
20 नवंबर 2026 को 11:05 pm बजे
