भोपाल के इब्राहिमगंज में दिवाली की रात पटाखों को लेकर हुए विवाद में युवक अनिकेत की हत्या कर दी गई। हनुमानगंज पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल छुरी भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को कुछ युवक नाली में पटाखे चला रहे थे। गंदा पानी और कीचड़ उछलकर दीवार पर लग रहा था। अभिषेक की मां सुनीता बाई और भाई अनिकेत ने युवकों को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि विरोध करने पर युवकों ने एकजुट होकर दोनों पर हमला कर दिया। इस हमले में अनिकेत की मौत हो गई, जबकि सुनीता बाई गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद परिजनों ने अनिकेत का शव हनुमानगंज थाने के सामने रखकर चक्काजाम कर दिया। उनकी मांग थी कि आरोपियों के अवैध निर्माण तोड़े जाएं। पुलिस अधिकारियों ने समझाइश दी, जिसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आदित्य रैकवार और प्रेम वस्तवार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। वारदात में इस्तेमाल छुरी भी जब्त की गई है।
समाचार
पटाखे चलाने से रोकने पर युवक की हत्या, पुलिस ने दो को दबोचा
12 नवंबर 2026 को 10:25 pm बजे

पटाखे चलाने से रोकने पर युवक की हत्या, पुलिस ने दो को दबोचा
