छात्रों ने सुबह 10 बजे तक छह किलोमीटर से अधिक दूरी तय की
शहडोल में खराब सड़क और छात्रावास की समस्याओं को लेकर ब्यौहारी के मॉडल खड़ुहली विद्यालय के छात्र जिला मुख्यालय की ओर पैदल रवाना हुए हैं। छात्र करीब 100 किलोमीटर चलकर कलेक्टर से मिलना चाहते हैं। उनका कहना है कि वे कलेक्टर को सड़क और छात्रावास से जुड़ी समस्याओं की जानकारी देंगे। ब्यौहारी के छात्रों ने स्कूल और छात्रावास छोड़कर रीवा-शहडोल स्टेट हाईवे का रास्ता पकड़ा। छात्रों ने करीब 100 किलोमीटर का सफर तय करने का फैसला किया है। जानकारी के मुताबिक, सुबह 10 बजे तक वे छह किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर चुके थे। छात्रों के बीच एक दिन पहले विवाद होने की जानकारी भी सामने आई है। छात्रों के पैदल निकलने की सूचना मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी अतुल चौधरी ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी करीब आधे घंटे पहले मिली थी। उनके मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में छात्र सड़क की मांग कर रहे हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि बच्चों को समझाकर पैदल जाने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने छात्रों की समस्याओं का समाधान कराने की बात भी कही। ब्यौहारी की यह पदयात्रा शहडोल जिले में आवासीय विद्यालयों के छात्रों की मांगों से जुड़ी लगातार दूसरी घटना है। इससे एक दिन पहले जयसिंहनगर के आवासीय विद्यालय की छात्राएं छात्रावास की दीवार फांदकर कलेक्टर से मिलने निकली थीं। छात्राओं ने करीब 40 किलोमीटर पैदल सफर किया था। जयसिंहनगर की छात्राओं के निकलने के बाद ब्यौहारी के छात्रों ने भी जिला मुख्यालय का रुख किया।
