उज्जैन आयुर्वेद कॉलेज के 200 से अधिक छात्र मानदेय में भेदभाव का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन कर रहे हैं
उज्जैन के धन्वंतरि आयुर्वेदिक कॉलेज में आयुर्वेद छात्रों का मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी रहा। 200 से ज्यादा छात्र-छात्राएं इस मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। उन्होंने सरकार को सद्बुद्धि देने के लिए यज्ञ में अपनी मांगों की आहुति दी। छात्रों का आरोप है कि आयुष को संचालित करने वाली राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान परिषद (एनसीआईएसएम) के नियमों में स्पष्ट लिखा है कि सभी राज्यों में सभी पैथियों का स्टाइपेंड समान होना चाहिए। इसके बावजूद, मध्य प्रदेश में बीएएमएस इंटर्न को मात्र 9,383 रुपए मानदेय के रूप में दिए जाते हैं। यह भेदभाव तब हो रहा है जब कुछ दिन पहले ही एमबीबीएस का स्टाइपेंड बढ़ाकर 21,500 रुपए कर दिया गया है। छात्रों का कहना है कि वे एमबीबीएस इंटर्न की तरह ही समान कार्य और ड्यूटी करते हैं, फिर भी उनके साथ इतना बड़ा अंतर रखा जा रहा है।

