अघोरी काली पर 5 हजार वर्गफीट से अधिक जमीन कब्जाने का आरोप, पुलिस से शिकायत
धार्मिक लाला नगरी के चक्रतीर्थ श्मशान में जलती चिता से कथित छेड़छाड़ के वायरल वीडियो के बाद चर्चा में आईं अघोरी काली उर्फ नंद गिरी एक बार फिर विवादों में हैं। इस बार उन पर एक किसान की निजी जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगा है। पीड़ित किसान ने भैरवगढ़ थाना पुलिस और राजस्व अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। बड़ोदिया पान निवासी किसान अजहर लाला ने शिकायत में बताया कि उनके पिता असलम लाला के नाम इंदौर बायपास रोड पर साडू माता मंदिर के पास 28 बीघा पैतृक जमीन है। आरोप है कि इस जमीन के मुख्य मार्ग से लगे सामने के हिस्से पर अघोरी काली उर्फ नंद गिरी ने कब्जा कर लिया है। किसान का दावा है कि करीब 5 हजार वर्गफीट से अधिक जमीन पर मंदिर बनाकर पक्का निर्माण भी कर लिया गया है। यह पूरी जमीन सिंहस्थ 2028 मेला क्षेत्र के अंतर्गत आती है। अजहर लाला का कहना है कि उन्होंने कई बार कथित अवैध निर्माण का विरोध किया और अघोरी से बातचीत कर विवाद सुलझाने का प्रयास किया।

