अस्पताल की ओर से आरोपों पर अभी कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया
सीहोर के वेदांता हार्ट केयर हॉस्पिटल में शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान मरीज अशोक की मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा किया और सड़क पर चक्काजाम कर दिया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और स्टाफ पर लापरवाही और गलत गोली देने का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश दी। अशोक को 13 नवंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार के लोग पिछले सात दिनों से लगातार उनके साथ थे। परिजनों का कहना है कि गुरुवार शाम खाना-पीना होने के बाद उन्हें अशोक से मिलने नहीं दिया गया। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद अशोक को एक गोली दी गई, जिससे उनके पूरे चेहरे पर सूजन आ गई। परिजनों ने अस्पताल के कर्मचारियों पर ठीक से ड्रिप नहीं लगाने और मनमाने तरीके से गोलियां देने का भी आरोप लगाया। परिजनों ने बताया कि वे दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल से घर गए थे। अस्पताल की ओर से शाम 4 बजे फोन करने की बात कही गई, लेकिन उस समय कॉल नहीं आया। करीब 5 बजे फोन आने पर वे घर से चाय-पानी लेकर अस्पताल पहुंचे। परिजनों के मुताबिक, जब उन्होंने अशोक को चाय-पानी देने की बात कही तो स्टाफ ने कहा कि अस्पताल में यह सब सामान मिल जाता है। मृतक के जीजा बृजमोहन ने बताया कि अशोक की हालत बिगड़ने के बाद उन्होंने कर्मचारियों से पूछा कि मरीज को वह गोली क्यों दी गई। परिजनों का कहना है कि अगर मरीज की हालत गंभीर थी, तो इसकी जानकारी पहले दी जानी चाहिए थी। इसी जानकारी के आधार पर परिजन आगे के इलाज की व्यवस्था कर सकते, इसलिए समय पर सूचना न देना गंभीर चूक है। मौत के बाद अस्पताल परिसर के बाहर परिजनों और रिश्तेदारों की भीड़ जमा हो गई। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत की और स्थिति संभाली। फिलहाल अस्पताल प्रबंधन की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।
