मध्य प्रदेश को देश की ‘मिल्क कैपिटल’ बनाने का लक्ष्य अब प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने वाली व्यापक कार्ययोजना का रूप ले रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व और मार्गदर्शन में राज्य सरकार दुग्ध उत्पादन बढ़ाने पर काम कर रही है। सरकार पशुपालकों की आय बढ़ाने, देशी गोवंश के संरक्षण और डेयरी क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर विकसित करने की दिशा में भी प्रयास कर रही है। सरकार का लक्ष्य देश के कुल दूध उत्पादन में मध्य प्रदेश की हिस्सेदारी लगभग 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक पहुंचाना है। इसके साथ ही प्रतिदिन दूध संकलन को 10 लाख लीटर से बढ़ाकर 50 लाख लीटर करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। मध्य प्रदेश के पास इस लक्ष्य को हासिल करने की मजबूत आधारभूमि मौजूद है। वर्ष 2024-25 में प्रदेश का कुल दुग्ध उत्पादन 22.60 मिलियन टन दर्ज किया गया। दूध उत्पादन के मामले में मध्य प्रदेश देश में तीसरे स्थान पर रहा। प्रति व्यक्ति प्रतिदिन दूध की उपलब्धता 707 ग्राम रही, जबकि राष्ट्रीय औसत 485 ग्राम था। इन उपलब्धियों के आधार पर प्रदेश में दुग्ध उत्पादन की संभावनाओं को व्यापक आर्थिक गतिविधि में बदलने की तैयारी है। मध्य प्रदेश सरकार की दुग्ध विकास संबंधी पहलें एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। इनका उद्देश्य केवल दूध उत्पादन बढ़ाना नहीं है। सरकार पशुपालन से लेकर दूध के संग्रहण, परिवहन, शीतकरण, प्रसंस्करण और विपणन तक पूरी व्यवस्था को मजबूत करना चाहती है। गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना पशुपालकों को उन्नत देशी नस्ल की गायों के पालन और अधिक दूध उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करेगी। डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना आधुनिक डेयरी इकाइयां स्थापित करने में आर्थिक सहायता देगी। कृत्रिम गर्भाधान और नस्ल सुधार से पशुओं की उत्पादन क्षमता बेहतर होगी। चलित पशु चिकित्सा इकाइयां और टीकाकरण पशुओं को स्वस्थ रखने में मदद करेंगे। गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना देशी गोवंश के संरक्षण और दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के उद्देश्य से लागू की जा रही है। इसके अंतर्गत गिर, साहीवाल, थारपारकर और मालवी जैसी उन्नत भारतीय नस्लों की दुधारू गायों के पालन को प्रोत्साहित किया जाएगा। पहले वर्ष 2026-27 में 208 ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के एक-एक चिन्हित वृंदावन ग्राम में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। वर्ष 2027-28 से प्रदेश के सभी 313 विकासखंडों तक इसका विस्तार प्रस्तावित है। उत्कृष्ट पशुपालकों को क्रमशः एक लाख, 50 हजार और 25 हजार रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे। इससे पशुपालकों को बेहतर नस्लों के संरक्षण और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने की प्रेरणा मिलेगी। डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के माध्यम से पात्र पशुपालकों को बैंक ऋण और सरकारी अनुदान से आधुनिक डेयरी इकाइयां स्थापित करने में सहायता दी जा रही है। देशी नस्ल की गायों की इकाई के लिए 36 लाख रुपये और संकर नस्ल की गायों तथा भैंस की इकाई के लिए 42 लाख रुपये की परियोजना लागत निर्धारित है। पात्र अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग को 33 प्रतिशत तथा अन्य वर्गों को 25 प्रतिशत अनुदान का प्रावधान है। वर्ष 2026-27 में इसके लिए 150 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। इससे पारंपरिक पशुपालन को व्यवस्थित डेयरी व्यवसाय में बदलने के अवसर बढ़ेंगे। दूध उत्पादन की निरंतर वृद्धि के लिए पशुओं का स्वस्थ रहना और उनकी आनुवंशिक गुणवत्ता बेहतर होना आवश्यक है। प्रदेश में 406 चलित पशु चिकित्सा इकाइयां संचालित हैं। इनके माध्यम से लाखों पशुपालकों तक उपचार और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई गई हैं। एफएमडी टीकाकरण, बांझपन निवारण और कृत्रिम गर्भाधान जैसी गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। नस्ल सुधार के लिए सेक्स-सॉर्टेड सीमेन तकनीक को बढ़ावा दिया जा रहा है। पिछले वर्ष 22 लाख से अधिक कृत्रिम गर्भाधान किए गए। चालू वर्ष के लिए 47.50 लाख कृत्रिम गर्भाधान का लक्ष्य निर्धारित है। दूध समृद्धि संपर्क अभियान के माध्यम से 18 लाख से अधिक परिवारों तक पहुंच बनाई गई है। अभियान में पशु पोषण, बेहतर नस्ल, स्वास्थ्य प्रबंधन और आधुनिक पशुपालन के प्रति जागरूकता बढ़ाई गई है। पशुपालन किसान क्रेडिट कार्ड और राष्ट्रीय पशुधन मिशन के माध्यम से पशुपालकों को वित्तीय सहायता दी जा रही है। इसके जरिए उन्हें उद्यमिता के अवसरों से भी जोड़ा जा रहा है। दूध उत्पादन बढ़ने के साथ उसका उचित मूल्य और नियमित बाजार मिलना भी जरूरी है। इसके लिए राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के सहयोग से दुग्ध सहकारी समितियों और दूध संग्रहण केंद्रों को मजबूत करने की पहल की जा रही है। विपणन व्यवस्था को भी सुदृढ़ करने पर ध्यान दिया जा रहा है। इससे गांवों में दूध का नियमित संकलन संभव होगा। गुणवत्ता जांच, शीतकरण और प्रसंस्करण सुविधाओं का विस्तार भी इसी व्यवस्था का हिस्सा है। इन प्रयासों से प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
समाचार
सीएम यादव ने बनाई रणनीति, मप्र बनेगा देश की ‘मिल्क कैपिटल’
24 नवंबर 2026 को 11:18 pm बजे
