सीहोर में उद्योगों के लिए नई योजनाओं का ऐलान कर सकते हैं
सीहोर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आगमन एक महत्वपूर्ण घटना बनकर उभरा है। प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री इस दौरान सीहोर के उद्योग क्षेत्र के लिए किसी बड़ी सौगात या निवेश योजना की घोषणा कर सकते हैं। सीहोर का औद्योगिक विकास एक बार फिर तेजी से लौटने की उम्मीद जगा रहा है। सीहोर में एक दौर था जब शुगर मिल और सॉल्वेंट प्लांट जैसे बड़े उद्योग सक्रिय थे, लेकिन इन इकाइयों के बंद होने से रोजगार और व्यापार पर प्रतिकूल असर पड़ा था। अब स्थानीय व्यापारियों और रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं में उत्सुकता बढ़ गई है। कलेक्टर बालागुरु और पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने शनिवार को सीहोर में आयोजित कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था और आम नागरिकों के लिए पार्किंग व अन्य सुविधाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आगामी 3 सितंबर को सीहोर आ रहे हैं। उनका कार्यक्रम बढ़ियाखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित होने जा रहा है। इस दौरे के साथ ही सीहोर के औद्योगिक नक्शे को बदलने की उम्मीदें भी जताई जा रही हैं। आधिकारिक रूप से अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मुख्यमंत्री किस विशेष परियोजना का ऐलान करेंगे। हालांकि, प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों को लेकर सभी संबंधित विभागों के अधिकारी लगातार काम कर रहे हैं।
