इंदौर पुलिस ने कार्बाइड गन के इस्तेमाल, बिक्री और भंडारण पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया
इंदौर पुलिस ने कार्बाइड गन, इसके निर्माण, बिक्री और भंडारण पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। इस आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे कार्बाइड गन और इससे बनी विस्फोटक सामग्री से दूर रहें, खासकर बच्चों को इससे जागरूक करें। एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया के अनुसार, दीपावली के मद्देनजर इंदौर पुलिस कार्बाइड गन और इसके इस्तेमाल को लेकर विशेष सतर्कता बरत रही है। इस संबंध में सभी थानों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कार्बाइड गन और इससे बने पटाखों का इस्तेमाल, बिक्री या भंडारण पूरी तरह से प्रतिबंधित है। यदि कोई भी व्यक्ति इसका उल्लंघन करता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की जाएगी और उसे जेल भी भेजा जा सकता है। पुलिस की टीम कार्बाइड गन के इस्तेमाल, भंडारण और बिक्री करने वालों पर कड़ी निगरानी रखेगी। संबंधित थाना क्षेत्रों में नियमित जांच की जाएगी और दुकानों की भी तलाशी ली जाएगी। शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

