मारपीट का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई
उज्जैन जिले के तराना तहसील के कनार्दी गांव में 12वीं के छात्र को सिर्फ इसलिए बेल्ट और डंडों से पीटा गया, क्योंकि उसने अपनी सहपाठी छात्रा को अपना मोबाइल नंबर दे दिया था। बदमाशों ने मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी अपलोड कर दिया। घटना 1 नवंबर की शाम करीब 7 बजे की है। पीड़ित छात्र अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी तौफीक खान और शोएब शाह बाइक से पहुंचे। उन्होंने छात्र को बहला-फुसलाकर अपने साथ चलने को कहा। आरोपियों ने अपनी धाक जमाने के लिए मारपीट की पूरी घटना का वीडियो बनाया और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित छात्र ने अपने पिता को आपबीती सुनाई। इसके बाद छात्र ने थाने जाकर पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित की शिकायत पर तराना थाना पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत केस दर्ज कर चारों आरोपियों - तौफीक खान, शोएब शाह, अल्फेज शाह और वकील खान - को गिरफ्तार कर लिया है।
