पूर्वी चम्पारण के हरसिद्धि थाना क्षेत्र के मठलोहियार टोला छतवनिया में शुक्रवार को दहेज के लिए एक विवाहिता से मारपीट की गई। घटना के समय विवाहिता की चीख सुनकर गांव के बुजुर्ग अगुआ किशुन देव यादव उसे बचाने पहुंचे। आरोप है कि उन्हें बचाने पहुंचने पर आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। हमले में लोहे की रॉड से उनका सिर फोड़ दिया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर हालत में किशुन देव यादव को हरसिद्धि अस्पताल ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें मोतिहारी रेफर कर दिया। विवाहिता कुमानती देवी ने थाने में आवेदन देकर मामले में एफआईआर दर्ज कराई है। इस एफआईआर में पति पप्पू यादव, ससुर विशुन देव यादव, सास चिंता देवी और ननद सुधा देवी व किरण देवी को नामजद किया गया है। कुमानती देवी के अनुसार उनकी शादी दो साल पहले पप्पू यादव से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ससुराल वाले पांच लाख रुपए दहेज मांगने लगे थे। मांग पूरी नहीं होने पर उन्हें ताने दिए जाते थे और मारपीट की जाती थी। उनके मुताबिक घटना के दिन भी सभी नामजद लोगों ने दहेज के लिए उनसे मारपीट की। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
समाचार
हरसिद्धि में दहेज मांग पर मारपीट, बीच-बचाव करने वाले का सिर फूटा
20 नवंबर 2026 को 11:06 pm बजे
