उज्जैन का नाम स्वच्छता के राष्ट्रीय मंच पर रोशन करने वाली ट्रॉफी लेकर गुरुवार शाम करीब 5 बजे महापौर, नगर निगम अध्यक्ष और निगम आयुक्त शहर पहुंचे तो जश्न का माहौल बन गया। दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में प्रथम पुरस्कार हासिल करने के बाद जनप्रतिनिधियों और निगम अधिकारियों ने बाबा महाकाल का दरबार चुना। उन्होंने सफाई मित्रों के साथ मंदिर पहुंचकर राष्ट्रीय पुरस्कार की ट्रॉफी बाबा महाकाल को समर्पित की। इस दौरान जय-जय महाकाल के जयकारे गूंजते रहे और पुष्पवर्षा कर खुशी जाहिर की गई। बुधवार को दिल्ली में आयोजित समारोह में उज्जैन को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत यह राष्ट्रीय सम्मान मिला था। गुरुवार को महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम अध्यक्ष कलावती यादव और निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा पुरस्कार लेकर उज्जैन पहुंचे। इसके बाद वे सफाई मित्रों के साथ महाकाल मंदिर पहुंचे। वहां सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा और राज्यसभा सांसद बालयोगी नाथ सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मंदिर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने सफाई मित्रों का सम्मान किया। सभी ने अगली बार भी उज्जैन को स्वच्छता में शीर्ष स्थान दिलाने का संकल्प लिया। निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने बताया कि उज्जैन को अपनी आबादी की श्रेणी में पूरे देश में प्रथम स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि शहर के लिए जिम्मेदारी भी है। सफाई मित्रों की मेहनत, जनप्रतिनिधियों के प्रोत्साहन, मीडिया के जागरूकता प्रयासों और नागरिकों के सहयोग से यह संभव हुआ है। एमआर-5 और गोंदिया में कचरे के पहाड़ हटाना भी इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण में महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि चंडीगढ़ और गुंटूर जैसे शहरों को पीछे छोड़कर हासिल हुई है। निगम आयुक्त ने कहा कि यह केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि शहर के लिए जिम्मेदारी भी है।
समाचार
स्वच्छता सर्वेक्षण में उज्जैन प्रथम, महापौर-कमिश्नर ने बाबा महाकाल को समर्पित की ट्रॉफी
12 नवंबर 2026 को 10:26 pm बजे
स्वच्छता सर्वेक्षण में उज्जैन प्रथम, महापौर-कमिश्नर ने बाबा महाकाल को समर्पित की ट्रॉफी
साझा करेंWhatsApp
