दमोह-तेंदूखेड़ा मार्ग पर वन विभाग डिपो के पास बुधवार सुबह करीब 10 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मरीज को अस्पताल छोड़कर तेजगढ़ लौट रही 108 एंबुलेंस का स्टीयरिंग जॉइंट अचानक टूट गया, जिससे वाहन पूरी तरह अनियंत्रित हो गया। पायलट कृष्णा यादव की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से 108 एंबुलेंस लगभग 250 मीटर तक बेकाबू होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में उतर गई, जिससे वाहन पलटने से बच गया। घटना के समय एंबुलेंस में चालक के अलावा कोई और सवार नहीं था। जानकारी के अनुसार, 108 एंबुलेंस के पायलट कृष्णा यादव सुबह तेजगढ़ से एक महिला मरीज को लेकर तेंदूखेड़ा अस्पताल पहुंचे थे। मरीज को सुरक्षित पहुंचाने के बाद वे अकेले एंबुलेंस से तेजगढ़ की ओर वापस लौट रहे थे। तेंदूखेड़ा से लगभग 4 किलोमीटर की दूरी पर वन विभाग डिपो के पास अचानक तेज आवाज के साथ एंबुलेंस के आगे के पहियों के बीच लगा स्टीयरिंग जॉइंट टूटकर अलग हो गया। इसके तुरंत बाद वाहन अनियंत्रित हो गया और ब्रेक भी काम करना बंद कर दिए। पायलट कृष्णा यादव ने बताया कि अचानक आए इस झटके से वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया था। ब्रेक फेल होने की स्थिति में, उन्होंने पूरी ताकत से स्टीयरिंग को सड़क के किनारे की ओर मोड़ा। उनका कहना था कि यदि वे वाहन को सड़क पर रोकने की कोशिश करते, तो पीछे से आ रहे किसी अन्य वाहन से उनकी एंबुलेंस टकरा सकती थी। अपनी सूझबूझ से उन्होंने एंबुलेंस को सड़क किनारे एक गहरे गड्ढे में उतार दिया, जिससे एक बड़े हादसे को टाल दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वह एक अंधा मोड़ और पुलिया के पास का इलाका है।
समाचार
एंबुलेंस का स्टीयरिंग टूटा, मरीज को छोड़कर लौट रहा था पायलट
4 नवंबर 2026 को 11:05 pm बजे
एंबुलेंस का स्टीयरिंग टूटा, मरीज को छोड़कर लौट रहा था पायलट
