900 से अधिक एमएसएमई इकाइयों को 450 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी गई
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मोहन निवास से प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर औद्योगिक और उद्यमिता क्षेत्र को एक बड़ी सौगात दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए एक नई 'एमएसएमई औद्योगिक विकास कंपनी' (एमएसएमई-आईडीसी) का गठन किया जाएगा। यह कंपनी अधोसंरचना, भूमि और अन्य आवश्यक उद्योग-संबंधी जरूरतों को समान रूप से उपलब्ध कराएगी, ठीक उसी तरह जैसे मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम बड़े उद्योगों के लिए काम कर रहा है। यह पूरी तरह से एमएसएमई क्षेत्र के प्रोत्साहन और विकास के लिए समर्पित एक शासकीय कंपनी होगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उद्यमियों से संवाद करते हुए घोषणा की कि अब निजी निवेशक भी औद्योगिक पार्क बना सकेंगे। सरकार इसके लिए प्रति हेक्टेयर 50 लाख रुपये का अनुदान देगी। प्रदेश के सभी जिलों में 2 माह के भीतर एमएसएमई के लिए भूमि उपलब्ध करा दी जाएगी, जिससे औद्योगिक विकास और निवेश को नई गति मिलेगी। उन्होंने सिंगल क्लिक के माध्यम से 900 से अधिक एमएसएमई इकाइयों को 450 करोड़ रुपये से अधिक और 120 से अधिक स्टार्टअप्स को 47.80 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि भी अंतरित की। कार्यक्रम में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप विशेष रूप से उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 75 औद्योगिक भूखंडों के लिए आशय-पत्र भी प्रदान किए।
