मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि संतों का सानिध्य प्राप्त होना हमारा सौभाग्य है। संतों के माध्यम से हमें साक्षात् ईश्वर से संवाद का अवसर मिलता है। दादा गुरु जी के सानिध्य में आयोजित मां नर्मदा की पांचवीं परिक्रमा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं है। यह आस्था, साधना, सद्भाव और लोककल्याण का आध्यात्मिक मार्ग है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव पांचवीं नर्मदा परिक्रमा यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। यह यात्रा कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर ओंकारेश्वर स्थित गौमुख घाट पर शुरू हुई। अवधूत सिद्ध महायोगी दादा गुरु जी इस यात्रा के सानिध्य में रहे। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को यात्रा के मंगलमय और निर्विघ्न संपन्न होने की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इस यात्रा से समाज में आपसी सद्भाव, समरसता और आध्यात्मिक चेतना का विस्तार होगा। इस अवसर पर उन्होंने नर्मदा मैया की आरती और विधिवत् पूजन-अर्चन किया। उन्होंने देश-प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मां नर्मदा के जयघोष के साथ पांचवीं नर्मदा परिक्रमा यात्रा का शुभारंभ हुआ। मां नर्मदा को चुनरी ओढ़ाई गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गौमुख घाट से परिक्रमा यात्रा में शामिल भी हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सनातन परंपराएं समाज को जोड़ने और मानव कल्याण का संदेश देती हैं। प्रदेश सरकार की सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं के प्रति प्रतिबद्धता विभिन्न आयोजनों में दिखाई देती है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संपूर्ण विश्व सनातन संस्कृति और उसके विराट वैभव से परिचित हुआ है। स्वामी विवेकानंद ने लगभग 100 वर्ष पूर्व दुनिया को बता दिया था कि 21वीं शताब्दी भारत की होगी। आज भारत विश्व का सबसे युवा देश है। प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया को भारत की क्षमताओं का अहसास कराया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि तबके नरेन्द्र से लेकर आज के नरेन्द्र तक की भारत की यात्रा यह प्रमाणित करती है कि यह सदी हमारी है। उन्होंने कहा कि माँ नर्मदा की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखना हम सबका कर्तव्य है। यह पूज्य दादा गुरु की 5वीं नर्मदा सेवा परिक्रमा यात्रा है। इसके लिए राज्य सरकार ने नर्मदा परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विशेष प्रबंधन किए हैं।
समाचार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ओंकारेश्वर में पांचवीं नर्मदा परिक्रमा यात्रा का शुभारंभ किया
24 नवंबर 2026 को 11:18 pm बजे
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ओंकारेश्वर में पांचवीं नर्मदा परिक्रमा यात्रा का शुभारंभ किया
साझा करेंWhatsApp
