मध्य प्रदेश के सागर जिले में शराब पीने के बाद 2 लोगों की मौत हो गई। एक की घर में ही जान चली गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों ने गुरुवार को डीसीआर की लाल मसाला शराब पी थी। इनमें से एक को पहले से खून की उल्टियां भी होती थीं। एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदौरिया ने बताया कि दोनों बंडा क्षेत्र के ग्राम सेमरा रामचंद्र के रहने वाले थे। एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदौरिया ने बताया कि दोनों पहले से बीमार थे। मृतकों की पहचान कमलेश पिता नारायण लोधी (45) और चंद्रभान पिता मुलायम सिंह (42) के रूप में हुई है। सागर के बंडा इलाके में इससे पहले जहरीली शराब से 36 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिस ने 52 लोगों को आरोपी बनाया है। मास्टरमाइंड, ठेकेदार और सप्लायर समेत 34 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। एडिशनल एसपी ने बताया कि जानकारी मिलते ही आबकारी विभाग की टीम गांव पहुंची। टीम ने मृतकों के घरों के आसपास जांच की। इस दौरान शराब के खाली क्वार्टर मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया। शराब के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। एडिशनल एसपी ने बताया कि कमलेश को पाइल्स की बीमारी थी। उसे लगातार रक्तस्राव हो रहा था। इसके बावजूद वह रोज शराब पीता था। गुरुवार को शराब पीने के बाद रात में कमलेश की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दूसरे मृतक चंद्रभान की उम्र 42 साल थी। वह लंबे समय से बीमार था। करीब तीन महीने पहले चंद्रभान को बंसल हॉस्पिटल और भाग्योदय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसे खून की उल्टियां होती थीं। वह शराब पीने का आदी था। गुरुवार को शराब पीने के बाद वह पत्थर की खदान पर मजदूरी करने गया था। चंद्रभान सिर में तेज दर्द होने पर घर लौट आया। इसके बाद वह बिना खाना खाए सो गया। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। सहायक आबकारी आयुक्त वंदना पांडेय ने बताया कि कमलेश पहले शराब बेचता था। इसी सूचना पर पुलिस, प्रशासन और आबकारी विभाग की टीम ने कमलेश के घर समेत दो ठिकानों पर दबिश दी। हालांकि, वहां शराब नहीं मिली। जांच में पता चला कि बंडा शराबकांड के बाद उसने शराब बेचना बंद कर दिया था। एडिशनल एसपी जयवीर सिंह भदौरिया ने बताया कि दोनों मृतकों की मेडिकल हिस्ट्री की जांच की गई है। दोनों पहले से बीमार थे और परिजन के बयान दर्ज किए गए हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट होगी। सरकारी दुकान से शराब खरीदने की जानकारी सामने आई है। अवैध दुकानें पूरी तरह बंद हैं। मेडिकल हिस्ट्री और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी। जहरीली शराब के एंगल से भी जांच की जा रही है। मध्य प्रदेश में ढाई महीने के भीतर जहरीली शराब से जुड़े दो मामले सामने आए हैं। इनमें करीब 51 लोगों की मौत हुई है। सागर जिले के बंडा क्षेत्र में मिलावटी शराब पीने से 36 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। जांच में गुजरात से स्प्रिट और उत्तर प्रदेश के ललितपुर से नकली बोतलें और रैपर लाए जाने की बात सामने आई। अक्टूबर में देवास के चंदाना और बिंजाना गांवों में 20 दिन के भीतर 13 लोगों की मौत हुई। इनमें से 10 मृतकों के परिजन ने जहरीली शराब को मौत की वजह बताया था। हालांकि, प्रशासन ने इन मौतों की वजह जहरीली शराब को नहीं माना था। प्रशासन ने मामले की जांच कराई थी। सागर में शराब कांड को दो महीने बीत चुके हैं। जहरीली शराब से जान गंवाने वाले 36 लोगों के परिवारों की स्थिति सामान्य नहीं हो सकी है। दीपावली से पहले घरों के चिराग और खुशियां हमेशा के लिए उजड़ गईं। परिवारों के सामने आर्थिक संकट और बच्चों की पढ़ाई जैसी चुनौतियां खड़ी हैं। पूरी खबर इन परिवारों की व्यथा को सामने लाती है।
समाचार
सागर जिले में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत, पोस्टमॉर्टम से होगी वजह स्पष्ट
20 नवंबर 2026 को 11:06 pm बजे

सागर जिले में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत, पोस्टमॉर्टम से होगी वजह स्पष्ट
साझा करेंWhatsApp
