प्रबंधक के पास मिली आय से अधिक करोड़ों की संपत्ति का खुलासा
इंदौर लोकायुक्त की टीम ने बुधवार को धार जिले में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के प्रबंधक शेरसिंह ठाकुर के तीन ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। शुरुआती जांच में उनके पास आय से अधिक संपत्ति होने का खुलासा हुआ है। लोकायुक्त के अनुसार, करीब 20 साल की नौकरी में ठाकुर को 65 लाख रुपए वेतन मिला। इस दौरान उन्होंने 2 करोड़ 41 लाख 45 हजार रुपए की संपत्ति अर्जित की और खर्च किए, जो उनकी वैध आय से 271.46 फीसदी ज्यादा है। लोकायुक्त ने ठाकुर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत मामला दर्ज किया है। तीन टीमें सोडपुर, नालछा और मांडव स्थित ठिकानों पर सर्च कर रही हैं। संपत्तियों, दस्तावेजों और अन्य सामान का सत्यापन और मूल्यांकन किया जा रहा है। जांच में पता चला कि शेरसिंह ठाकुर ने ग्राम सोडपुर, नालछा में 0.1520 हेक्टेयर का भूखंड खरीदा, जिस पर 2400 वर्गफीट में दो मंजिला मकान बनवाया। भूखंड की खरीद और मकान निर्माण पर 97 लाख रुपए खर्च हुए।

