भोपाल के अवधपुरी इलाके में नगर निगम की टीम ने अवैध रूप से चल रही दो फिनाइल फैक्ट्रियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया है। यह फैक्ट्रियां न्यू भारत ट्रेडर्स के नाम से संचालित हो रही थीं और करीब 4 साल से अवैध रूप से काम कर रही थीं। नगर निगम की बिल्डिंग परमिशन शाखा ने यह कार्रवाई की है। निगम अधिकारियों का कहना है कि इन फैक्ट्रियों में भारी मात्रा में केमिकल रखा हुआ था, जिससे आग लगने की आशंका बनी हुई थी। जब निगम की टीम मौके पर पहुंची तो केमिकल से भरे ड्रम और बोतलों को देखकर वे दंग रह गईं। इन फैक्ट्रियों में कई छोटी बोतलें और बड़े ड्रमों में फिनाइल भरा हुआ था। कार्रवाई से पहले, फैक्ट्री संचालकों को नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज और भवन निर्माण/उपयोग से संबंधित अनुमति प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद, निर्धारित अवधि में कोई संतोषजनक जवाब या आवश्यक अनुमति प्रस्तुत नहीं की गई। संचालकों को स्वेच्छा से फैक्ट्री बंद करने के लिए भी कहा गया था, लेकिन वे नहीं माने। बार-बार चेतावनी देने और नोटिस जारी करने के बाद भी जब उन्होंने नियमों का पालन नहीं किया, तो नगर निगम ने सख्त कदम उठाया। नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 की धारा 303(1) और भवन निर्माण संबंधी प्रचलित नियमों के तहत दोनों फैक्ट्रियों में चल रही गतिविधियों को बंद कराते हुए सीलिंग की कार्रवाई पूरी की गई।
समाचार
भोपाल की दो अवैध फिनाइल फैक्ट्रियां सील
6 अक्टूबर 2026 को 10:24 pm बजे

भोपाल की दो अवैध फिनाइल फैक्ट्रियां सील
