मध्य प्रदेश में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस अब केवल तस्करों को पकडऩे और मादक पदार्थों की खेप जब्त करने तक सीमित नहीं रहेगी। डीजीपी कैलाश मकवाणा ने नशे के कारोबार की आर्थिक जड़ों पर प्रहार करने की रणनीति बनाई है। इस रणनीति के तहत पांच साल के बड़े एनडीपीएस मामलों की समीक्षा की जाएगी। पुलिस का मानना है कि सिर्फ खेप पकडऩे से पूरे नेटवर्क पर असर नहीं पड़ता। पुलिस तस्करों की संपत्तियों का पता लगाएगी और उनके वित्तीय नेटवर्क की जांच करेगी। अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों को फ्रीज कराने की कार्रवाई भी की जाएगी। नशे के कारोबार में शामिल फरार आरोपितों और विदेशी नागरिकों की गिरफ्तारी के लिए विशेष रणनीति तैयार की जाएगी। यह कदम तस्करों की आर्थिक ताकत कमजोर करने के लिए उठाया जा रहा है। डीजीपी कैलाश मकवाणा ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय में राज्य स्तरीय नारकोटिक्स समन्वय बैठक आयोजित की। बैठक में अधिकारियों को नशे के खिलाफ कार्रवाई का दायरा बढ़ाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि नशे की तस्करी को केवल कानून-व्यवस्था का सामान्य अपराध न मानकर संगठित अपराध और आर्थिक नेटवर्क के रूप में देखा जाए। इसके लिए पूरी सप्लाई चेन को चिह्नित कर एक साथ कार्रवाई करने को कहा गया। डीजीपी ने पिछले पांच वर्षों में मादक पदार्थों की बड़ी जब्ती और महत्वपूर्ण एनडीपीएस प्रकरणों की समीक्षा करने को कहा है। इसका उद्देश्य यह पता लगाना है कि प्रदेश में नशे की सप्लाई किन रास्तों से हो रही है। साथ ही, इसके पीछे कौन से गिरोह सक्रिय हैं और तस्करी का नेटवर्क किन राज्यों या क्षेत्रों तक फैला है। बड़े मामलों के विश्लेषण से तस्करों के आपसी संपर्क, परिवहन के साधन और आर्थिक लेन-देन की कडिय़ां जोड़ी जाएंगी। इस विश्लेषण से उन लोगों तक पहुंचने में मदद मिलेगी जो सीधे नशीले पदार्थों के साथ नहीं पकड़े जाते। ऐसे लोग पर्दे के पीछे से पूरे कारोबार को संचालित करते हैं। पुलिस प्रदेश के उन जिलों और क्षेत्रों की पहचान करेगी जहां मादक पदार्थों की तस्करी की गतिविधियां अधिक सामने आई हैं। संवेदनशील इलाकों की जिलावार मैपिंग कर वहां निगरानी और कार्रवाई बढ़ाई जाएगी। तस्करी के प्रमुख रास्तों, परिवहन कॉरिडोर और अंतरराज्यीय नेटवर्क पर भी नजर रखी जाएगी। जिन इलाकों में मादक पदार्थों की अवैध खेती की आशंका या गतिविधियां सामने आई हैं, वहां विशेष अभियान चलाकर खेती नष्ट की जाएगी। सीमावर्ती जिलों और दूसरे राज्यों से जुड़े परिवहन मार्गों पर निगरानी को महत्वपूर्ण माना गया है। पुलिस का जोर केवल पकड़ी गई खेप पर नहीं, बल्कि उसके स्रोत और अंतिम गंतव्य तक पहुंचने पर भी रहेगा।
समाचार
तस्करों की अवैध संपत्तियां जब्त करेगी पुलिस
24 नवंबर 2026 को 11:18 pm बजे
