गांधीनगर में सिंहस्थ 2028 के निर्माण कार्य के लिए नाला बंद करने से मंगलवार सुबह कई कॉलोनियों में गंदा पानी भर गया। इंदिरानगर, गांधीनगर समेत 4 क्षेत्रों में घरों के बाहर डेढ़ फीट तक पानी जमा हो गया। रहवासियों की परेशानी देखकर मौके पर पहुंचे पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने कंपनी के इंजीनियर के पैर पकड़ लिए। उन्होंने कहा- 'धन्यवाद, आपने मंदिर, घरों और पूरे क्षेत्र में गंदा पानी भर दिया। ' नाला अंकपात रोड पर ग्यारहमुखी हनुमान मंदिर के सामने बंद किया गया था। सिंहस्थ मेला क्षेत्र में मंदिर के सामने सीवरेज लाइन डालने का काम पटेल कंपनी कर रही है। सोमवार रात कंपनी के कर्मचारियों ने निर्माण कार्य के लिए नाला बंद कर दिया था। इस नाले से गांधीनगर, फाजलपुरा समेत आधा दर्जन से अधिक इलाकों का पानी निकलता है। नाला बंद होने से पानी की निकासी रुक गई और आसपास की बस्तियों में पानी फैलने लगा। मंगलवार सुबह तक इंदिरानगर, गांधीनगर, जैन सेक्टर और 90 क्वॉर्टर में पानी भर गया। कुछ इलाकों में पानी तालाब जैसा जमा हो गया था। सुबह 4 से 5 बजे के बीच परेशान रहवासियों ने पार्षदों को फोन कर इसकी जानकारी दी। पार्षद दिलीप परमार के मुताबिक, पानी भरने के कारण घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा था। इसके बाद पार्षद मौके पर पहुंचे और कंपनी के इंजीनियरों से नाला बंद करने की वजह पूछी। क्षेत्रीय पार्षद शिवेंद्र तिवारी भी मौके पर पहुंचे और कंपनी के कर्मचारियों को फटकार लगाई। पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने बताया कि नाले को किसी वरिष्ठ अधिकारी की जानकारी के बिना बंद कर दिया गया था। ठेकेदार के कर्मचारियों से पूछा गया तो उन्होंने वरिष्ठ अधिकारी के निर्देश पर नाला बंद करने की बात कही। लेकिन वे उस अधिकारी का नाम नहीं बता सके। तिवारी ने आरोप लगाया कि कंपनी का इंजीनियर नगर निगम के अधिकारियों को लेकर आपत्तिजनक बातें कर रहा था। उन्होंने कहा कि जनता ने हमें जिम्मेदारी दी है। गलती किसी की भी हो, आम लोगों के घरों और मंदिरों में गंदा पानी नहीं भरना चाहिए। इसी बात को लेकर उन्होंने इंजीनियर के सामने हाथ जोड़कर और पैर पकड़कर भी नाला खुलवाने की बात कही। ढाई घंटे में खाली हुआ 14 फीट गहरा नाला लगातार विरोध और बातचीत के बाद मंगलवार सुबह करीब 7 बजे खुलवाया गया। इसके बाद पानी की निकासी शुरू हुई। पार्षद के मुताबिक, करीब 14 फीट गहरा नाला लगभग ढाई घंटे में खाली हुआ। घरों और सड़कों पर भरा गंदा पानी भी धीरे-धीरे निकल सका। सिंहस्थ 2028 के निर्माण कार्य के दौरान ऐसी स्थिति फिर न बने, इसके लिए स्थानीय लोग सतर्क दिखे।
समाचार
गांधीनगर में नाला बंद, कॉलोनियों में गंदा पानी भरा
24 नवंबर 2026 को 11:18 pm बजे

गांधीनगर में नाला बंद, कॉलोनियों में गंदा पानी भरा
