विशेष कार्य बल की 90 दिन की विस्तृत जांच के बाद बौद्ध भिक्षु का रूप धरकर बांग्लादेशी घुसपैठियों को भारतीय पासपोर्ट दिलाने वाले संगठित सिंडिकेट का पर्दाफाश हुआ है। जांच में यह फर्जीवाड़ा 70 बांग्लादेशी नागरिकों से जुड़ा पाया गया है, जिनके पासपोर्ट फर्जी दस्तावेजों के सहारे बनवाए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्वालियर की कलेक्टर रुचिका चौहान ने गिरोह के गिरफ्तार सात आरोपियों के खिलाफ अदालत में अभियोजन चलाने की औपचारिक अनुमति दे दी है। जांच एजेंसियों को इस बड़े फर्जीवाड़े की पहली भनक तब मिली, जब सिमरिया टेकरी, वार्ड-1 के एक ही पते और मोबाइल नंबर पर 17 पासपोर्ट जारी किए गए थे। इस संदिग्ध रिकॉर्ड की जांच शुरू होने पर पूरा मामला सामने आ गया। एसटीएफ की जांच में गिरोह के मुख्य सूत्रधार रियाल चौधरी उर्फ मित्यानंद भिक्षु की मुख्य भूमिका उजागर हुई है। पुलिस ने रियाल चौधरी के अलावा उसके छह सहयोगियों को पकड़ा है।
समाचार
बौद्ध भिक्षु का वेश धरकर पासपोर्ट सिंडिकेट का पर्दाफाश
20 नवंबर 2026 को 11:05 pm बजे
