विविधता में एकता
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' संकल्पना के तहत भारत के सभी राज्यों के स्थापना दिवस के आयोजन की पहल अत्यंत सराहनीय और दूरदर्शी है। यह भारत की विविधता में एकता की शक्ति का उत्सव है। उन्होंने कहा कि यह एक-दूसरे के राज्यों की संस्कृति को जानने, समझने और उस पर गर्व करने का पावन अवसर है। यह आयोजन हमारी गौरवशाली भारतीय संस्कृति की अमूल्य परंपराओं और अनेकता में एकता के शाश्वत भाव को साकार करता है। राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के गठन की स्मृतियों को संजोने और भारत की संघीय व्यवस्था, सांस्कृतिक वैभव और अखंडता के गौरव का यह पर्व है। राज्यपाल ने बताया कि राज्यों के स्थापना दिवस के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उन राज्यों की लोक कला और संस्कृति की झलक को करीब से देखने का मौका मिलता है। सभी प्रस्तुतियां समृद्ध भारतीय संस्कृति का जीवंत प्रतीक हैं। राज्यपाल पटेल मंगलवार को लोकभवन में 01 नवंबर को गठित मध्य प्रदेश सहित पंजाब, हरियाणा, छत्तीसगढ़, चंडीगढ़, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख के स्थापना दिवस के संयुक्त समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने उक्त सभी प्रदेशवासियों को उनके राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना की और सभी प्रतिभागियों को ट्रॉफी व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। समारोह में राज्यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी भी मौजूद थे।
