समाचार
Opening page
Preparing your workspace...
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी म.प्र. संजीव कुमार झा ने मंगलवार को भोपाल से उप जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ एक वर्चुअल बैठक की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश भर में पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए 7, 8 और 9 अक्टूबर को प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष शिविर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों में हुए कार्यों की समीक्षा भी की और जो जिले इस कार्य में पिछड़ रहे हैं, उन्हें प्रगति लाने के निर्देश दिए। इंदौर और विदिशा में हुई अच्छी प्रगति की सराहना की गई। झा ने विशेष रूप से उन युवाओं पर ध्यान केंद्रित करने का निर्देश दिया जिनकी उम्र 1 अक्टूबर को 18 वर्ष की हो जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे युवाओं के भी फॉर्म लिए जाएंगे ताकि वे मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवा सकें। इसके साथ ही, 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए एडवांस में फॉर्म जमा कराने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि शिविरों के दौरान किसी भी मतदाता से फार्म 6 के अलावा कोई अतिरिक्त घोषणा पत्र नहीं लिया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए ऑनलाइन सुविधा भी प्रदान की गई है। कोई भी मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट अथवा ईसीआईनेट मोबाइल ऐप पर जाकर अपना नाम जुड़वाने के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। झा ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों से कहा कि वे इस ऑनलाइन प्रक्रिया का व्यापक रूप से प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने युवा मतदाताओं को विशेष रूप से ऑनलाइन आवेदन करने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।
इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया