इंदौर के फूटी कोठी चौराहे पर सब्जी मंडी हटाने के बाद विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को यहां सब्जी विक्रेताओं और रहवासियों के बीच टकराव की स्थिति बन गई। एक ओर विक्रेता पुरानी जगह पर ही मंडी लगाने की मांग कर रहे हैं। वहीं रहवासी चौराहे के पास दोबारा दुकानें लगने का विरोध कर रहे थे। इसी विषय को लेकर विक्रेता और रहवासियों के बीच टकराव के हालात बन गए। स्थिति को भांपते हुए पुलिस ने मोर्चा संभाला और मामले को शांत कराया। मंगलवार सुबह सब्जी और फल विक्रेता एक बार फिर चौराहे के पास टाट-पट्टी बिछाकर बैठ गए। नगर निगम ने वाहन से मुनादी कराकर उन्हें चेतावनी दी कि वे निगम की ओर से तय की गई जगह पर ही दुकानें लगाएं। इसके बावजूद विक्रेता पुरानी जगह छोड़ने को तैयार नहीं दिखे। कांग्रेस ने विक्रेताओं का समर्थन किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि फूटी कोठी चौराहे पर ही मंडी लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि निगम ने ठेले और दुकानें जब्त कर ली हैं, लेकिन विक्रेता टाट-पट्टी बिछाकर कारोबार करेंगे और कांग्रेस उनके साथ खड़ी है। मंडी को लेकर अब विवाद केवल नगर निगम और सब्जी विक्रेताओं तक सीमित नहीं रहा है। रहवासी भी सामने आ गए हैं। एक तरफ विक्रेता अपनी पुरानी जगह पर कारोबार जारी रखने की मांग कर रहे हैं। दूसरी तरफ रहवासियों की आपत्ति के बीच निगम की कार्रवाई और सख्त रुख से स्थिति तनावपूर्ण हो रही है। विवाद की स्थिति बनते देख पुलिस बीच में आ गई है। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को अलग-अलग रहने को कहा है। उधर, कांग्रेसी भी सब्जी विक्रेताओं के समर्थन में आ गए हैं। दरअसल, शनिवार को नगर निगम की रिमूवल टीम ने फूटी कोठी चौराहे के पास लगने वाली सब्जी मंडी हटा दी थी। इस कार्रवाई में सब्जी विक्रेताओं के ठेले और दुकानें भी जब्त की गई थीं। इसके बाद से विक्रेता विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। शनिवार को नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने भी कार्रवाई का विरोध किया था। लेकिन निगम की टीम ने मंडी हटाने की कार्रवाई जारी रखी थी। सब्जी और फल विक्रेताओं का कहना है कि वे कई साल से चौराहे के पास कारोबार कर रहे हैं। ब्रिज निर्माण के दौरान महापौर ने ब्रिज के नीचे ही मंडी लगाने की बात कही थी। अब उन्हें दूसरी जगह दुकानें लगाने के लिए कहा जा रहा है। इससे उनका कारोबार प्रभावित होगा। विक्रेताओं की मांग है कि उन्हें पुरानी जगह यानी ब्रिज के नीचे ही दुकानें लगाने दी जाएं। रहवासियों की आपत्ति और निगम की सख्ती के बीच यह मामला अभी सुलझा नहीं है। पुलिस दोनों पक्षों पर नजर रखे हुए है। कांग्रेस विक्रेताओं के साथ खड़ी होने की बात दोहरा रही है।
समाचार
इंदौर फूटी कोठी चौराहे पर मंडी विवाद गहराया
24 नवंबर 2026 को 11:18 pm बजे

इंदौर फूटी कोठी चौराहे पर मंडी विवाद गहराया
