पिछले 5 साल से दे रहे थे सेवाएं
बक्सवाहा जिला अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर मधुर जैन (39) का शुक्रवार सुबह 7 बजे निधन हो गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट से होने की आशंका है। उनके निधन की खबर मिलते ही अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों में शोक छा गया। सहकर्मियों के मुताबिक, डॉक्टर मधुर मिलनसार स्वभाव के थे और मरीजों के साथ भी अच्छा व्यवहार करते थे। डॉक्टर मधुर जैन पिछले 5 साल से जिला अस्पताल में सेवाएं दे रहे थे। उनके निधन से अस्पताल के स्टाफ में गहरा दुख है। डॉक्टर मधुर का परिवार उन्हें एक युवा और समर्पित चिकित्सक के रूप में याद कर रहा है। उनके जाने से जिले में चिकित्सा सेवाओं को भी नुकसान पहुंचा है। डॉक्टर मधुर के चचेरे भाई डॉ. अभय जैन ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे उन्हें सीने में दर्द और गले में जलन हुई थी। उन्हें लगा कि एसिडिटी की समस्या है। इसके बाद पत्नी ने सीने की मालिश की और गैस की गोली दी। कुछ देर बाद उल्टी होने पर उन्हें राहत महसूस हुई और वे सो गए। सुबह करीब 7 बजे डॉक्टर मधुर की पत्नी की नींद खुली तो वे अचेत अवस्था में मिले। उनकी पल्स भी नहीं चल रही थी। पत्नी ने तत्काल दूसरे डॉक्टरों को फोन किया। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। जिला अस्पताल में ड्यूटी डॉक्टर चक्रेश चौधरी, डॉ. दिवाकर पटेल और अन्य डॉक्टरों ने इलाज किया। लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। डॉक्टर का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव बक्सवाहा ले जाया गया। परिजन वहां अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे हैं। डॉ. दिवाकर पटेल ने बताया कि सुबह 7 बजे डॉक्टर मधुर की पत्नी का फोन आने पर वे उनके घर पहुंचे थे। डॉक्टरों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। उन्होंने इसे बेहद दुखद घटना बताया। डॉक्टर मधुर युवा थे और पूरे जिले के लोगों को अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनका व्यवहार सभी के साथ मिलनसार था। वे हमेशा हंसकर बात करते थे। उनके निधन से जिला अस्पताल के पूरे स्टाफ को गहरा आघात लगा है।
