खंडवा में 19 वर्षीय आईटीआई छात्र आदेश कनाड़े का शव फंदे पर लटका मिला। वह शहर की नर्मदापुरम् कॉलोनी में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहा था। बुधवार रात 11 नवंबर को उसका शव कमरे में मिला। आदेश ने अपने इंस्टाग्राम बायो में जन्म और मृत्यु की तारीख भी लिख रखी थी। जन्म के आगे 19 जून और मृत्यु के आगे 11 नवंबर दर्ज था। इसी तारीख को उसका शव मिला। आदेश सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय था। उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर ब्रेकअप और दिल टूटने से जुड़ी कई रील्स पोस्ट हैं। इन रील्स पर 50 हजार से ज्यादा व्यूज हैं। घटना से पहले उसने एक स्टोरी भी पोस्ट की थी। इसमें लिखा था- 'मृत्यु ही सत्य है, मृत्यु ही अनंत है। ' मकान मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस के अनुसार, आदेश अपने मामा के कमरे में रहकर आईटीआई की पढ़ाई कर रहा था। बुधवार शाम तक जब कमरे का गेट नहीं खुला तो मकान मालिक ने खिड़की से झांककर देखा। आदेश फंदे पर लटका मिला। मकान मालिक ने इसकी जानकारी परिजनों और पुलिस को दी। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
समाचार
खंडवा: आईटीआई छात्र की फंदे से लटककर खुदकुशी, बायो में लिखी थी मौत की तारीख
12 नवंबर 2026 को 10:25 pm बजे
