पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक फोरम में शामिल, रिश्ते बेहतर होने की उम्मीद
पीएम मोदी ने शुक्रवार शाम दिल्ली के पुराना किला में पहले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जब दुनिया में युद्ध और अशांति पर चर्चा हो रही है, तब भारत में सभ्यताओं के बीच संवाद हो रहा है। पीएम ने कहा कि दुनिया इस समय उथल-पुथल के दौर से गुजर रही है। ऐसे में सांस्कृतिक जुड़ाव और सहयोग से शांति का रास्ता मजबूत हो सकता है। कार्यक्रम में शामिल पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस फोरम के बाद भारत-पाकिस्तान समेत सभी देशों के रिश्ते बेहतर होंगे। ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहली बार है, जब पाकिस्तान का कोई मंत्री भारत आया है। फोरम में पाकिस्तान समेत कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। यह फोरम 20 से 22 नवंबर तक चलेगा। SCO फोरम के दौरान पुराना किला में भारत की सभ्यतागत विरासत और संस्कृति पर आधारित प्रदर्शनियां भी लगाई गई हैं। पहली पंक्ति में पीएम मोदी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मसूद मलिक बैठे नजर आए। पीएम मोदी ने उद्घाटन से पहले पुराना किला में दो प्रदर्शनियां देखीं। इनमें एक प्रदर्शनी महाभारत की दुर्लभ पांडुलिपि पर आधारित है। दूसरी प्रदर्शनी 'अस्तित्व: द एसेंस ऑफ अवर एग्जिस्टेंस' में दिल्ली के इतिहास को दिखाया गया है। इसमें 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक का इतिहास शामिल है। पीएम मोदी ने कहा कि यह पहला SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम है। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों का अभिनंदन किया। पीएम ने कहा कि दुनिया में पीपल-टू-पीपल कनेक्ट की चर्चा होती है। करीब 5 हजार साल पहले सिंधु घाटी और मेसोपोटामिया के बीच व्यापार होता था। भारत, चीन और मध्य एशिया ट्रेड रूट्स से जुड़े थे। नालन्दा जैसे विश्वविद्यालय ज्ञान के आदान-प्रदान के केंद्र बने। पीएम मोदी ने कहा कि SCO ने 25 साल पूरे किए हैं। सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग सदस्य देशों के संबंधों को और मजबूती देगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस फोरम से एक नई परंपरा की शुरुआत होगी। पीएम ने दिल्ली के पुराना किला को भारत की अद्भुत सांस्कृतिक धरोहर बताया। पीएम ने कहा कि डिजिटल माध्यमों ने सांस्कृतिक जुड़ाव की नई संभावनाएं पैदा की हैं। अब अलग-अलग देशों के लोग कुछ ही मिनटों में एक-दूसरे से जुड़ सकते हैं। SCO देशों को इन संभावनाओं का लाभ उठाना चाहिए। मोदी ने कहा कि प्रेम और एकता की शिक्षाएं सार्वभौमिक हैं। फारूक अब्दुल्ला ने पाकिस्तानी मंत्री के भारत आने का स्वागत किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में सुधार की नई शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि पुराने मुद्दों को फिर उठाने के बजाय शांति और बातचीत पर ध्यान देना चाहिए। अब्दुल्ला ने बातचीत को सबसे बेहतर रास्ता बताया। यह तीन दिवसीय कार्यक्रम बहुपक्षीय SCO आयोजन है। इसमें अलग-अलग देशों के विद्वान, शिक्षाविद, विशेषज्ञ और सांस्कृतिक प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। इस फोरम का प्रस्ताव प्रधानमंत्री मोदी ने 2025 में तियानजिन में हुए SCO शिखर सम्मेलन के दौरान रखा था। बिश्केक घोषणा में भी इस प्रस्ताव का स्वागत किया गया था। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने 13 नवंबर को बताया था कि भारत ने 10 देशों को निमंत्रण भेजा है। इनमें चीन, कजाकिस्तान, ईरान, नेपाल, सऊदी अरब और श्रीलंका शामिल हैं। शेखावत ने कहा था कि भारत चाहता है कि SCO केवल राजनीति और अर्थव्यवस्था तक सीमित न रहे। इससे देशों के बीच बेहतर संबंध और आपसी समझ विकसित करने में मदद मिलेगी। भारत ने पाकिस्तान के संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को फोरम में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। हालांकि, पाकिस्तान ने जलवायु मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक को प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के लिए नामित किया।
