नागझिरी थाना क्षेत्र के हामूखेड़ी में पोहे खाते समय पाड़े का हमला
छोटी दीपावली के मौके पर पाड़ों की लड़ाई देखने पहुंचे 8 साल के मासूम युवराज की दर्दनाक मौत हो गई। घटना नागझिरी थाना क्षेत्र के हामूखेड़ी में देवास रोड पर हुई। यहां एक खेत में परंपरा के नाम पर पाड़ों की लड़ाई का आयोजन किया गया था। हादसा बच्चे के पिता की आंखों के सामने हुआ। दोपहर करीब 2 बजे टैक्सी चालक आकाश दायमा अपने 8 वर्षीय इकलौते बेटे युवराज के साथ यह आयोजन देखने पहुंचे थे। दोनों भीड़ के बीच एक किनारे खड़े थे। इसी दौरान युवराज बैठकर पोहे खा रहा था। तभी आपस में लड़ रहे दो पाड़े अचानक बेकाबू होकर भीड़ की तरफ दौड़ पड़े। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, एक भारी-भरकम पाड़ा सीधे युवराज की छाती पर चढ़ गया। बच्चा उसके नीचे बुरी तरह दब गया। बेटे को पाड़े के नीचे दबा देखकर पिता आकाश ने उसे बचाने की कोशिश की। मौके पर मौजूद अन्य लोगों की मदद से किसी तरह युवराज को बाहर निकाला गया। इसके बाद युवराज को आनन-फानन में निजी अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवराज तीसरी कक्षा में पढ़ता था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। त्योहार के मौके पर हुई इस घटना ने परिवार की खुशियां छीन ली हैं। बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, इस लड़ाई में शामिल पाड़े यादव परिवार के बताए जा रहे हैं।
