71वें स्थापना दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, कृषि क्विज के विजेताओं को पुरस्कार, पर्यटन हब बनाने की घोषणा
मध्य प्रदेश के 71वें स्थापना दिवस पर संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सलामी ली। राज्यमंत्री लोधी ने समस्त प्रदेशवासियों एवं दमोह जिले के नागरिकों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह बड़े ही हर्ष और प्रसन्नता का विषय है कि पूरा प्रदेश स्थापना दिवस का यह पावन पर्व उल्लास के साथ मना रहा है। राज्यमंत्री लोधी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और स्वर्णिम मध्य प्रदेश के निर्माण की दिशा में अग्रसर है। संस्कृति राज्यमंत्री ने बताया कि आने वाले समय में प्रदेश को समृद्ध और विकसित बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण का संकल्प भी लिया गया है। दमोह जिले में पर्यटन के विकास पर प्रकाश डालते हुए मंत्री लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी की घोषणा के अनुरूप दमोह को पर्यटन हब बनाने का कार्य तेजी से जारी है। उन्होंने यह भी बताया कि नौरादेही अभ्यारण्य को टाइगर रिजर्व घोषित किया गया है। बांदकपुर धाम, खर्राघाट धाम और नोहलेश्वर लोक का निर्माण कार्य चल रहा है, वहीं पतलौनी धाम के विकास कार्य भी जल्द शुरू होने वाले हैं। संस्कृति राज्यमंत्री लोधी ने संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित स्वाभिमान पर्व के तहत कृषि आधारित क्विज़ प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया। जिले स्तर पर प्रथम पुरस्कार के रूप में ट्रैक्टर, द्वितीय पुरस्कार के रूप में बुलेट मोटरसाइकिल तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में ई-स्कूटी प्रदान की गई। इसके साथ ही भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति प्रतियोगिता में चयनित प्रतिभागियों और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों में लकी कुर्मी, जेएनवी विद्यालय हटा एवं शीतल कुर्मी कमला नेहरू महाविद्यालय दमोह को 1-1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि से सम्मानित किया गया, जिससे आने वाली पीढ़ी में उत्साह और प्रेरणा का संचार होगा। विधायक उमादेवी खटीक ने मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस के पावन अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस अवसर को प्रदेश के गौरव, प्रगति और जन-कल्याण के संकल्प को दोहराने का दिन बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में वर्तमान सरकार राज्य को निरंतर विकास और समृद्धि के नए शिखरों पर ले जा रही है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदेश के महिलाओं, पुरुषों और बच्चों सहित हर वर्ग को मिल रहा है, जिससे आमजन और उनके परिवारों के आर्थिक स्तर में व्यापक सुधार आया है। विधायक उमादेवी खटीक ने यह भी कहा कि निरंतर प्रयासों और मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर मध्य प्रदेश अब बीमारू राज्य की छवि से पूरी तरह मुक्त हो चुका है और तेजी से देश के विकसित राज्यों की अग्रिम पंक्ति में अपनी जगह बना रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल ने समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक महत्व और उत्सव का प्रतीक है। 1 नवंबर 1956 को जब राज्यों का पुनर्गठन हुआ, तब हमारे प्रिय मध्य प्रदेश का गठन हुआ था। यह धरा हमारी आस्था, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है।
