भोपाल में हाउसिंग बोर्ड के 40 साल पुराने जर्जर जनता क्वार्टरों को शनिवार से तोड़ने की कार्रवाई शुरू होगी। यहां रहने वाले 600 परिवारों में बेघर होने का डर सता रहा है। इसी बीच गुरुवार को 5 महिलाओं ने चूहे मारने की दवा खा ली। इनमें से 3 महिलाओं को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी 2 को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी मिल गई। भर्ती हुई महिलाओं में कमला बाई (60), सीमा (32) और लइका बी (65) के नाम शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शी नईम ने बताया कि तबीयत बिगड़ने पर महिलाओं को ऑटो से अस्पताल ले जाया गया। महिलाओं का कहना है कि उनके पास रहने की दूसरी जगह नहीं है। वे किराए का मकान लेने की स्थिति में भी नहीं हैं। ऐशबाग थाना प्रभारी संदीप पवार के अनुसार, इस मामले में पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है। रहवासी लोगों का आरोप है कि उन्हें बिना लिखित नोटिस के घर खाली कराया जा रहा है। हाउसिंग बोर्ड का कहना है कि 600 क्वार्टरों में से 110 परिवार वैध हितग्राही हैं। वहीं, 490 लोग अतिक्रमणकारी हैं। बोर्ड लंबे समय से नोटिस जारी कर रहा है। बोर्ड ने कहा कि वैध परिवारों को दूसरी जगह शिफ्ट करने के लिए किराए की व्यवस्था की जा रही है। अब तक 57 परिवारों ने सहमति पत्र दिए हैं। इसके अलावा, 10-11 परिवारों के किराया एग्रीमेंट भी हो चुके हैं। यह कार्रवाई शनिवार से शुरू होकर आगे जारी रहेगी।
समाचार
ऐशबाग में 600 क्वार्टर हटेंगे, 5 महिलाओं ने खाया जहर
13 नवंबर 2026 को 11:08 pm बजे

ऐशबाग में 600 क्वार्टर हटेंगे, 5 महिलाओं ने खाया जहर
