शहर और ग्रामीण इलाकों में साइबर ठगी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ठगों ने अलग-अलग तरीकों से तीन लोगों को निशाना बनाया। उन्होंने करीब 6 लाख 40 हजार रुपए की धोखाधड़ी की। कहीं मोबाइल हैक कर बैंक खाते से रकम निकाली गई, तो कहीं दिवंगत प्रधान आरक्षक के खाते से लाखों रुपए ऑनलाइन निकाले गए। एक अन्य मामले में बैंक कर्मचारी के क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर फ्लिपकार्ट पर बड़ी खरीदारी की गई। इन तीनों मामलों में पुलिस ने धोखाधड़ी के प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुण्डम थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने क्यूआर कोड स्कैन करने के बाद मोबाइल हैक होने की शिकायत दर्ज कराई। ग्राम देवरी खुर्द निवासी 64 वर्षीय प्रेमनारायण प्रसाद दुबे ने पुलिस को बताया कि 28 अक्टूबर को उन्होंने यूरिया खरीदने के लिए दो बार क्यूआर कोड स्कैन कर 4 हजार रुपए भेजे। इसके बाद उनका मोबाइल हैक हो गया। रात में बैंक बैलेंस चेक करने पर पता चला कि दोपहर 1:38 बजे उनके खाते से 92 हजार रुपए जिसान वाल्मीकि के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए थे। पीड़ित की शिकायत पर कुण्डम पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दूसरा मामला गोरखपुर थाना क्षेत्र का है। नर्मदे सिटी होम्स बिलहरी निवासी 46 वर्षीय गीता सिंह राजपूत के पति ओमप्रकाश सिंह राजपूत गोरखपुर थाने में प्रधान आरक्षक थे। 29 अगस्त को ब्रेन हेमरेज से उनका निधन हो गया था। पति की मृत्यु के बाद बैंक खाते का स्टेटमेंट निकलवाने पर चौंकाने वाली जानकारी मिली। 25 अगस्त से 6 अक्टूबर तक के स्टेटमेंट में पता चला कि 10 सितंबर से 17 सितंबर के बीच यूपीआई से उनके खाते से कुल 4 लाख 36 हजार 323 रुपए निकाल लिए गए। परिजन बताते हैं कि 16 अगस्त से पति की तबीयत खराब थी और उसी दौरान उनका मोबाइल भी लापता हो गया था। गीता सिंह की शिकायत पर गोरखपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है। तीसरा मामला विजय नगर थाना क्षेत्र का है। केनरा बैंक कर्मचारी रविरंजन ने शिकायत की कि 9 नवंबर की शाम करीब 5 बजे क्रेडिट कार्ड स्टेटमेंट चेक करने पर पता चला कि 7 नवंबर को फ्लिपकार्ट पर 1 लाख 12 हजार 26 रुपए का भुगतान किया गया है। रविरंजन ने यह भुगतान नहीं किया था और न ही ओटीपी साझा किया था। विजय नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
समाचार
साइबर ठगी से 6.40 लाख पार, तीन मामले दर्ज
13 नवंबर 2026 को 11:08 pm बजे
