ऐशबाग जनता क्वार्टर्स के मकान नंबर 481 में रहने वाली शबाना के पति आसिम रविवार रात छत से गिर गए थे। शबाना उन्हें लेकर अस्पताल चली गईं। अस्पताल से लौटने पर उन्हें अपने घर का नजारा बदला हुआ दिखा। सोमवार सुबह लौटीं शबाना को अपने मकान के बाहर पुलिस का पहरा मिला। वहां बुलडोजर खड़े थे। शबाना घर में रखा सामान निकालने दौड़ीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें अंदर जाने नहीं दिया। कुछ ही देर में उनकी आंखों के सामने उनका घर मलबे में बदल गया। गृहस्थी भी उसी मलबे में दफन हो गई। सोमवार को सूरज निकलने से पहले ही हाउसिंग बोर्ड के जनता क्वार्टर्स में तोड़फोड़ शुरू हो चुकी थी। दोपहर बाद तक 599 मकान मलबे के ढेर में बदल चुके थे। रविवार को जहां परिवार रह रहे थे, वहां सोमवार को टूटी दीवारें और ईंट-पत्थर बिखरे थे। कोई चारपाई बचाकर बैठा था, तो कोई बर्तन और कपड़े समेट रहा था। बच्चों को गोद में लिए महिलाएं खुले आसमान के नीचे थीं। प्रशासन कार्रवाई को शांतिपूर्ण बता रहा है। लेकिन बेघर हुए परिवारों का कहना है कि उनके रहने का कोई वैकल्पिक इंतजाम नहीं किया गया। परिवारों के सामने अब सिर छिपाने की सबसे बड़ी समस्या खड़ी है। कार्रवाई के दौरान सुबह करीब 8 बजे कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला को उनके घर पर रोक लिया गया। बाद में उन्हें अशोका गार्डन थाने में बैठाया गया। शुक्ला ने वैकल्पिक आवास दिए बिना मकान तोड़ने का विरोध किया। इधर, रहवासी नाराज थे कि चुनाव में वोट मांगने वाले पार्षद-विधायक संकट में मदद करने नहीं पहुंचे। लोगों का कहना था कि वोट के समय जो जनप्रतिनिधि घर-घर पहुंचे थे, वे अब मुसीबत में साथ खड़े नहीं दिखे।
समाचार
ऐशबाग में 599 मकान मलबे के ढेर में बदले
24 नवंबर 2026 को 11:18 pm बजे
