भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026: पीएम मोदी बोले- खेती को स्मार्ट किए बिना किसान को सशक्त करना संभव नहीं
प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि खेती को स्मार्ट बनाए बिना किसान को सशक्त नहीं किया जा सकता। खेती और देश की प्रगति के बीच संबंध को समझना महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गरीबी को लेकर वर्ल्ड बैंक की एक स्टडी आई है। इस स्टडी के अनुसार, भारत के 50 करोड़ गरीबों ने गरीबी को मात दी है। उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामीण इलाकों में गरीबी बहुत तेजी से घटी है। संयोग देखिए कि बीते दशक में भारत में कृषि की विकास दर 4% से अधिक रही। यह आजादी के बाद पहली बार है जब एग्रीकल्चर सेक्टर ने इतनी ग्रोथ हासिल की है। इसी दौरान गांवों में बड़ी संख्या में गरीबों ने गरीबी को हराया है। पीएम मोदी ने यह बात इंडिया टुडे ग्रुप के भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 में कही। यह दो दिवसीय सम्मेलन दिल्ली के भारत मंडपम में हुआ। इसमें 2,000 से ज्यादा किसान, नीति निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और ग्लोबल एक्सपर्ट्स शामिल हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध का संकट बढ़ रहा था। कच्चे तेल की कीमत 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थीं। भारत के सामने भी चुनौती थी कि डीजल पर प्रति लीटर 50 रुपए बढ़ाए जाएं। हालांकि, हमने ऐसा न करने का फैसला किया और सिर्फ 7 रुपए बढ़ाए, जबकि 43 रु. सरकार ने वहन किए। हमने देश के किसानों तक आंच नहीं आने दी। यूरिया की जो इंटरनेशनल मार्केट में 3 हजार की है, वह 300 रुपए से कम में किसानों को मिल रही है। पीएम मोदी ने कहा कि श्वेत क्रांति ने भारत को दुनिया का सबसे बड़ा मिल्क प्रोड्यूसर बना दिया है। भारत का दूध उत्पादन पिछले एक दशक में 70% बढ़ा है। अंडे के उत्पादन में 90% का इजाफा हुआ है।
