झलौन में 100 से ज्यादा उपभोक्ता 50 लाख रुपए से अधिक वापस मांगने के लिए धरने पर बैठे हैं
झलौन में कियोस्क संचालक रूपेश जैन के घर के बाहर ग्रामीण धरने पर बैठे हैं। दमोह जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र के झलौन में 100 से ज्यादा उपभोक्ता 50 लाख रुपए से अधिक की रकम वापस मांग रहे हैं। वे पिछले 5 दिनों से रूपेश जैन के घर के बाहर धरने पर बैठे हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि जमा रकम उनके खातों में नहीं पहुंची है। शुक्रवार को भी उपभोक्ता धरने पर बैठे रहे। उनका कहना है कि अब तक उन्हें पैसा वापस नहीं मिला है। रूपेश जैन की 4 महीने पहले मौत हो गई थी। उपभोक्ता उनकी मौत के बाद से ही रकम मांग रहे हैं। धरने में शामिल ऋषभ जैन ने बताया कि रूपेश जैन झलौन में एसबीआई कियोस्क चलाते थे। स्थानीय लोगों के साथ टाइगर रिजर्व के तहत विस्थापित गांवों के लोगों ने भी उनके पास मुआवजे की रकम जमा की थी। ऋषभ के मुताबिक, 100 से ज्यादा उपभोक्ताओं ने 50 लाख रुपए से अधिक जमा किए थे। सभी को रसीद दी गई थी, लेकिन उनके खातों में रकम नहीं पहुंची है। उपभोक्ताओं का कहना है कि 5 महीने पहले रूपेश जैन के परिजनों ने रकम लौटाने का भरोसा दिया था। अब वे इससे मुकर गए हैं। तेंदूखेड़ा थाना प्रभारी भी उपभोक्ताओं के पास पहुंचे थे और रकम वापस दिलाने का भरोसा दिलाया था। उपभोक्ताओं का आरोप है कि रूपेश जैन के परिजन अब पैसा नहीं लौटा रहे हैं। ग्रामीण दशरथ, रीना बाई, रज्जू रजक और केशव प्रसाद ने बताया कि वे तेंदूखेड़ा ब्लॉक के ऊपर पार में रहते हैं। उन्हें विस्थापन का पैसा मिला था, जिसे उन्होंने रूपेश जैन के पास जमा किया था। 100 से अधिक उपभोक्ताओं ने रूपेश जैन के पास लाखों रुपए जमा किए थे। इसकी रसीद भी सभी को दी गई थी। लेकिन यह पैसा उपभोक्ताओं के खातों में नहीं पहुंचा और 5 महीने पहले रूपेश जैन की मौत हो गई। अब ग्रामीण अपना पैसा वापस मांगने के लिए परेशान हैं। उनका कहना है कि उनकी राशि उन्हें वापस नहीं दिलाई जा रही है। ग्रामीणों की शिकायत इसी रकम को लेकर है। तेंदूखेड़ा स्टेट बैंक के मैनेजर आशीष वर्मा ने मामले की जांच की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कियोस्क संचालक पर लगे आरोपों की जांच चल रही है। जिन लोगों ने पैसे जमा होने की बात कही है, उनकी रसीदें देखी जा रही हैं। इसके बाद ही वे कुछ बता पाएंगे।
