उज्जैन में कालभैरव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। शुक्रवार को सामान्य दर्शनार्थियों के साथ 500 रुपए की वीआईपी टिकट लेने वालों को भी घंटों कतार में खड़ा रहना पड़ा। कई श्रद्धालुओं को ढाई से चार घंटे तक इंतजार करना पड़ा। तेज धूप में खड़े बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं बेहाल दिखे। कुछ श्रद्धालु बिना दर्शन किए ही लौट गए। महाराष्ट्र और गुजरात से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कालभैरव के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मंदिर के बाहर से लेकर दर्शन मार्ग तक लंबी कतारें लगी रहीं। वीआईपी दर्शन व्यवस्था को लेकर श्रद्धालुओं में सर्वाधिक नाराजगी दिखी। उनका कहना था कि 500 रुपए की टिकट के बाद भी लंबा इंतजार करना पड़े तो वीआईपी व्यवस्था का क्या मतलब है। वीआईपी टिकट खरीदने के लिए ही श्रद्धालुओं को डेढ़ घंटे तक कतार में लगना पड़ रहा था। श्रद्धालुओं ने अतिरिक्त टिकट काउंटर खोलने की मांग की। प्रयागराज से आए जितेंद्र मौर्य ने बताया कि वीआईपी टिकट लेकर भी उन्हें करीब चार घंटे इंतजार करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रोटोकॉल के नाम पर 500 से 1000 रुपए लेकर कुछ लोगों को दर्शन कराए जा रहे हैं। राजकोट से आए मनीष ने बताया कि वीआईपी टिकट लेने में ही आधे से डेढ़ घंटे का समय लग रहा है। ऐसे में सामान्य दर्शन के लिए कितना इंतजार करना पड़ेगा, यह समझा जा सकता है। लंबी कतारों में खड़े श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी और छांव की पर्याप्त व्यवस्था नहीं दिखी। गर्मी और तेज धूप के बीच लोग घंटों इंतजार करते रहे। कतारों में छोटे बच्चों को लेकर खड़े परिजन उन्हें कंधे पर उठाकर राहत देने की कोशिश करते नजर आए। कुछ जगहों पर भीड़ के दबाव के कारण लोगों को परेशानी हुई। बीच में पानी की बोतलें बेचने वाले भी नजर आए। श्रद्धालुओं का कहना था कि दर्शन मार्ग पर पेयजल की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि उन्हें महंगे दामों पर पानी न खरीदना पड़े। कैलाश कालवा ने बताया कि वे सुबह 9 बजे से दर्शन के लिए कतार में लगे थे। करीब ढाई घंटे बाद उनके दर्शन हो पाए। उन्होंने कहा कि दर्शन मार्ग पर चार-चार लाइनें होने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
समाचार
वीआईपी टिकट लेकर भी 4 घंटे इंतजार
13 नवंबर 2026 को 11:09 pm बजे

वीआईपी टिकट लेकर भी 4 घंटे इंतजार
