दो महिलाओं समेत चार की मौत
मणिपुर के उखरुल जिले में शुक्रवार को उग्रवादियों ने दो गाड़ियों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस के मुताबिक, हमला इम्फाल-उखरुल रोड पर न्यू हेवन इलाके में हुआ। दोनों गाड़ियों में सवार दो पुरुष और दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। गाड़ियों के आगे के शीशों पर गोलियों के निशान मिले हैं। मृतकों की पहचान शांगशक गांव निवासी कपांगखुई आरएस और हाओलेइला आरएस तथा ताशार गांव निवासी ऑगस्ट नगलुंग और खानमिला के रूप में हुई है। शांगशक के दोनों मृतक आपस में भाई-बहन थे, जबकि ताशार के दोनों मृतक मां और बेटे थे। चारों अलग-अलग दो वाहनों में सवार होकर इंफाल जा रहे थे, तभी उन पर हमला हुआ। कार के शीशे पर गोलियों के निशान और सड़क पर गोलियों के खोल देखे जा सकते हैं। यह वाहन भी गोलियों का निशाना बना। एक दिन पहले भी गोलीबारी हुई थी। 12 नवंबर को कांगपोकपी जिले के ताफोउ कुकी गांव के पास गोलीबारी हुई। इस घटना में 42 साल की एक कुकी महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। दो पुरुष घायल हुए थे। मणिपुर में मई 2023 से जारी जातीय संघर्ष में अब तक कम से कम 306 लोगों की मौत हो चुकी है। 49 लोग अब भी लापता हैं।
