शनिवार दोपहर 3 बजे जगदीश मंदिर में तैयारी बैठक, शहर की महिलाएं होंगी शामिल
नारी शक्ति महिला मंडल के तत्वावधान में शहर में सनातन धर्म, संस्कृति और धार्मिक संस्कारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सात दिवसीय भव्य एवं दिव्य शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन 17 दिसंबर से होगा। महिला मंडल की ओर से इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी सिलसिले में शनिवार को शहर के प्राचीन जगदीश मंदिर में दोपहर 3 बजे एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में शिव महापुराण आयोजन की रूपरेखा तैयार करने के साथ व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा होगी। इसमें शहर के विभिन्न महिला मंडलों और सामाजिक संगठनों से जुड़ी महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल होंगी। पूर्व अध्यक्ष ज्योति अग्रवाल और अंजू अजय अग्रवाल ने बताया कि परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी सात दिवसीय शिव महापुराण का आयोजन किया जा रहा है। आगामी 17 दिसंबर से शुरू होने वाली इस कथा का वाचन अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के पुत्र कथा वाचक पंडित राघव मिश्रा करेंगे। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान शिव की महिमा, उनकी लीलाओं और शिव भक्ति के महत्व से अवगत कराया जाएगा। संस्था का उद्देश्य महिलाओं को सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और संस्कारों से जोड़ना है। इसी उद्देश्य से हर वर्ष शिव महापुराण का आयोजन होता है, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और धर्मप्रेमी श्रद्धालु शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करते हैं। इस आयोजन से नई पीढ़ी को भी भारतीय संस्कृति और पारिवारिक संस्कारों से परिचित कराने का प्रयास किया जाता है। ज्योति अग्रवाल और अंजू अजय अग्रवाल ने भगवान शिव की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि भगवान भोलेनाथ कल्याणकारी हैं।

