आयशर-कंटेनर की भिड़ंत, हटाने आई क्रेन भी पलटी; शाम 5 बजे आवागमन सामान्य हुआ
नेशनल हाईवे पर भेरू घाट के पास गुरुवार रात 8 बजे से लगा जाम शुक्रवार शाम 5 बजे खुल गया। आयशर और कंटेनर की भिड़ंत के बाद कंटेनर सड़क पर पलट गया था। उसे हटाने पहुंची क्रेन भी पलट गई थी। इससे जाम और बढ़ गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दो क्रेन नाकाम होने के बाद बड़ी से तीसरी क्रेन बुलाई गई। इसकी मदद से दोनों दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियों को सड़क से हटाया गया। शुक्रवार शाम 5 बजे दोनों गाड़ियों को साइड कर दिया गया। इसके बाद हाईवे पर आवागमन सामान्य होने लगा। करीब 21 घंटे तक वाहन और बस यात्री जाम में फंसे रहे। वाहनों के फंस जाने से ड्राइवरों और बस यात्रियों को भारी परेशानी हुई। धार जिले के धामनोद में भी वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। जाम के कारण कई वाहन घंटों तक एक ही जगह खड़े रहे। हाईवे पर कंटेनर के अलावा दो अन्य भारी ट्रक भी खराब हो गए थे। इन्हें हटाने के लिए सुबह से मैकेनिक और क्रेन की मदद ली गई। लेकिन ट्रकों का वजन ज्यादा होने से काम में परेशानी आई। करीब 21 घंटे तक केवल एक ही लेन से वाहन निकाले गए। इससे एक किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। ड्राइवरों को जाम से निकलने में एक से दो घंटे लगे। शाम 5 बजे दुर्घटनाग्रस्त गाड़ियां हटने के बाद यातायात सुचारू हो गया। जाम को क्लियर करने के लिए वाहनों को क्रमवार निकाला गया। जाम के कारण बसें मौके तक नहीं पहुंच पा रही थीं। ऐसे में यात्री सड़क किनारे करीब दो घंटे तक बसों का इंतजार करते रहे। कई यात्रियों को जाम पार करने में भी करीब दो घंटे लगे। यात्रियों की परेशानी लंबे समय तक बनी रही। नेशनल हाईवे भेरू घाट, धार और खरगोन जिलों से होकर गुजरता है। भेरू घाट बड़ी के मानपुर थाना क्षेत्र में है। गणेश मंदिर घाट धार के धामनोद थाना क्षेत्र में और काकड़दा खरगोन जिले में है। जाम के दौरान छोटे वाहनों और सवारी गाड़ियों को मानपुर-बगड़ी मार्ग से निकाला गया। मानपुर पुलिस मौके पर यातायात को संभालती रही। इसी हाईवे के भेरू घाट पर पहले भी वाहनों का दबाव बढ़ने से लंबा जाम लग चुका है। सिमरोल के भेरू घाट पर एक दिन पहले वाहनों का दबाव अचानक बढ़ने से करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लगा था। घाट सेक्शन में गाड़ियां एक के पीछे एक कतार में खड़ी रहीं।
