38 वर्षीय राजेश की मौत से दो बच्चे हुए अनाथ
भोपाल में 2 हजार रुपये के कर्ज को लेकर हुए विवाद में सीएनजी ऑटो चालक राजेश यादव की लोहे के पाइप से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हमलावर शोएब उर्फ अलीम ने सिर, हाथ और पैरों पर कई वार किए थे। गंभीर रूप से घायल राजेश की गुरुवार सुबह अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने पहले हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। अब राजेश की मौत के बाद मामले में हत्या की धारा जोड़ी जाएगी। मृतक राजेश यादव 38 वर्षीय थे और संजय नगर, पानी की टंकी के पास रहते थे। वह सीएनजी ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। राजेश की पत्नी की आठ साल पहले जलने से मौत हो गई थी। उनके दो बच्चे हैं, जो दीपावली पर नानी के घर गए हुए थे। घटना के समय राजेश घर में अकेले थे, लेकिन उनका भतीजा घर में मौजूद था। मोहल्ले के रहने वाले शोएब उर्फ अलीम से राजेश ने करीब 2 हजार रुपये उधार लिए थे। आरोपी लगातार पैसे लौटाने के लिए राजेश पर दबाव बना रहा था। 9 नवंबर की रात करीब 2 बजे आरोपी पैसों के विवाद को लेकर राजेश के घर पहुंचा। उसने घर में घुसकर गाली-गलौज की और लोहे के पाइप से हमला कर दिया। हमले में राजेश के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। मारपीट की सूचना राजेश की भतीजी चांदनी ने फोन पर दी थी। मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव कर आरोपी को भगाया। जाते समय आरोपी ने पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी।

