भोपाल में गोवंश में लंपी स्किन डिजीज जैसे लक्षण सामने आए हैं। इसे देखते हुए गो सम्मान आह्वान अभियान के पदाधिकारियों ने नगर निगम प्रशासन को आगाह किया है। अभियान से जुड़े गो सेवकों ने शुक्रवार को नगर निगम कमिश्नर राम प्रकाश अहिरवार को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पुराने भोपाल के आसपास 2 क्वारेंटाइन सेंटर बनाने की मांग की है। गो सेवकों ने चेतावनी दी कि समय रहते जरूरी कदम नहीं उठाए गए तो संक्रमण पूरे शहर में फैल सकता है। इससे गोवंश को परेशानी होगी और प्रशासन के सामने भी बड़ी चुनौती खड़ी हो सकती है। गो सेवक सरमन बाथम और जय सिंह ठाकुर ने कमिश्नर अहिरवार को बताया कि संक्रमित गोवंश को स्वस्थ पशुओं से अलग रखना जरूरी है। इसके लिए 2 क्वारेंटाइन सेंटर बनाने की मांग की गई है। समय पर उपचार की व्यवस्था भी आवश्यक है। उन्होंने बीमार गोवंश को वहां पहुंचाने के लिए विशेष वाहन उपलब्ध कराने की भी मांग की। साथ ही सेंटरों पर पशु चिकित्सकों की तैनाती की जानी चाहिए। दवाइयों और नियमित देख-रेख की व्यवस्था भी की जाए। गो सेवकों ने स्वस्थ गौवंश को संक्रमण से बचाने के लिए व्यापक टीकाकरण अभियान चलाने की भी मांग की। इस दौरान पवन गुर्जर, दिनेश माली सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। गो सेवकों की बात सुनने के बाद कमिश्नर ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को बुलाया। उन्होंने अब तक क्वारेंटाइन सेंटर नहीं बनाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई। कमिश्नर ने जल्द क्वारंटाइन सेंटर बनाने और पशु चिकित्सक नियुक्त करने का आश्वासन दिया। उन्होंने इस मामले में तत्काल कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।
समाचार
भोपाल में लंपी का खतरा, गोसेवक बोले- बनाएं 2 क्वारेंटाइन सेंटर
13 नवंबर 2026 को 11:08 pm बजे
भोपाल में लंपी का खतरा, गोसेवक बोले- बनाएं 2 क्वारेंटाइन सेंटर
