पिछोर में सांदीपनि विद्यालय, खनियांधाना में पुलिस चौकी और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनेगा, बोले मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पिछोर में आयोजित राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन में प्रदेश की 1.24 करोड़ बहनों को 1831 करोड़ रुपये की सम्मान राशि अंतरित की। उन्होंने पिछोर को जिला बनाने की मांग का समर्थन करते हुए कई विकास कार्यों की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की बहनें आत्मनिर्भर और खुशहाल बन रही हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 5.5 लाख से अधिक स्व-सहायता समूहों को 200 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि भी प्रदान की। उन्होंने शिवपुरीवासियों को 221.22 करोड़ रुपये के 121 विकास कार्यों की सौगात दी। पिछोर में सांदीपनि विद्यालय, खनियांधाना में पुलिस चौकी और सर्वसुविधायुक्त स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार प्रदेश की सभी बहनों को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से समृद्ध बनाकर उनके जीवन में खुशहाली लाने के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बहनों के स्वावलंबी बनने से ही प्रदेश में समृद्धि आएगी। भारतीय संस्कृति में देश को भी माता का दर्जा मिला है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पिछोर में आयोजित राज्य स्तरीय महिला सम्मेलन में लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेश की 1.24 करोड़ बहनों को 42वीं किश्त के रूप में 1831 करोड़ रूपए से अधिक की सम्मान राशि सिंगल क्लिक से पात्र बहनों के बैंक खातों में अंतरित की। प्रत्येक बहन को 1500-1500 रुपये दिए गए। उन्होंने मप्र राज्य आजीविका मिशन के 5.5 लाख से अधिक स्व-सहायता समूहों को नगद साख सीमा के रूप में 200 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि भी सिंगल क्लिक से अंतरित की। मुख्यमंत्री ने 221.22 करोड़ रुपये की लागत के कुल 121 विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना प्रदेश की बहनों के सामाजिक सम्मान और वित्तीय स्वावलंबन की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। शुरुआत में महिलाओं को 1,000 रुपए प्रतिमाह की आर्थिक सहायता दी जाती थी, जिसे चरणबद्ध तरीके से बढ़ाते हुए नवंबर 2025 से बढ़ाकर 1,500 रुपए प्रतिमाह कर दिया गया है। परिसीमन आयोग की अनुशंसा पर पिछोर को जिला बनाया जाएगा, यह आश्वासन मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिया। उन्होंने पिछोर किले में 5 करोड़ रुपये के विकास कार्यों और मोतीसागर झील के सौंदर्यीकरण की भी घोषणा की।
