6 अक्टूबर की रात हुई चोरी, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से की पहचान
उज्जैन के चिमनगंज थाना क्षेत्र में मोबाइल दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से चोरी के 2 मोबाइल, एक एप्पल आईपैड और सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर बरामद किया है। सामान की अनुमानित कीमत करीब 2.50 लाख रुपए बताई गई है। आरोपी का एक साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। यह चोरी 6 अक्टूबर की रात को लाला लाजपत राय मार्ग स्थित गोल्डन मोबाइल शॉप में हुई थी। फाजलपुरा निवासी दुकान संचालक परवेज मंसूरी ने चिमनगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। चोरों ने दुकान के शटर और ताले तोड़कर अंदर घुसकर वारदात को अंजाम दिया था। दुकान से 15 मोबाइल फोन, एक एप्पल आईपैड, सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर और हार्ड डिस्क के साथ कुछ नकदी भी चोरी हुई थी। पुलिस ने दुकान और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज से मिले तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आशीष उर्फ गंजू उर्फ सुखमनंदर सिंह को हिरासत में लिया। यह आरोपी भोपाल का रहने वाला है, लेकिन फिलहाल चिमनगंज इलाके में रह रहा था। पूछताछ के दौरान आशीष ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी खय्याम के साथ मिलकर इस चोरी को अंजाम दिया था। उसने यह भी स्वीकार किया कि चोरी के बाकी मोबाइल फोन उसके साथी खय्याम के पास हैं। पुलिस अब खय्याम की तलाश कर रही है और उसके पास से चोरी का बाकी सामान बरामद करने की कोशिश कर रही है। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से ही आरोपी आशीष तक पहुंचने में सफलता मिली। यह गिरफ्तारी चिमनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार पाटीदार के नेतृत्व में हुई। इस कार्रवाई में पुलिस टीम के अन्य सदस्य भी शामिल थे, जिन्होंने मिलकर इस मामले का खुलासा किया।

