मोहन कंस्ट्रक्शन कंपनी पर लगाया गया जुर्माना, राहगीरों को हुई परेशानी
भोपाल नगर निगम ने मेट्रो निर्माण की ठेका कंपनी पर 12 हजार 500 रुपए का जुर्माना ठोका है। बीती रात डंपरों से भारत टॉकीज ओवरब्रिज पर गंदगी और 80 फीट रोड पर कीचड़ फैल गया था। इस गंदगी और कीचड़ के कारण हजारों राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गुरुवार सुबह 10 बजे निगम के जोन-9 के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी बलवीर मलिक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने डंपरों को रुकवाकर तत्काल कार्रवाई की। बलवीर मलिक ने बताया कि हमीदिया चौराहा स्थित भारत टॉकीज ओवरब्रिज पर गंदगी फैलाने के आरोप में मोहन कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड पर 12 हजार 500 रुपए का जुर्माना लगाया गया है। सड़क पर कीचड़ फेंके जाने की शिकायत सफाई कर्मचारियों और स्थानीय रहवासियों ने की थी। मेट्रो का काम रात में होता है ताकि डंपरों की आवाजाही से ट्रैफिक जाम न हो। इन डंपरों में भरी मिट्टी अक्सर सड़क पर गिर जाती है, जिससे कीचड़ फैल जाता है। बुधवार रात में भी मिट्टी गिरने से सड़कें खराब हो गई थीं। इसी के चलते गुरुवार को निगम ने यह कार्रवाई की है।

