खरगोन जिले में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाली 108 एंबुलेंस सेवाएं खुद 'बीमार' नजर आ रही हैं। रखरखाव के अभाव में खटारा हो चुकी ये गाड़ियां आए दिन सड़कों पर हांफ रही हैं। इसका सीधा असर इमरजेंसी सेवाओं पर पड़ रहा है। कभी मरीज को लाते तो कभी छोड़ते वक्त एंबुलेंस बंद पड़ जाती है। देखरेख न होने से कहीं गाड़ियों के दरवाजे रस्सी से बांधकर चलाए जा रहे हैं। कहीं धक्का मारकर स्टार्ट करने की नौबत आ रही है। ताजा मामला बुधवार दोपहर का है। स्टेयरिंग सिस्टम फेल होने के कारण 108 एंबुलेंस क्रमांक सीजी 04 एनजेड 5935 बीच सड़क पर ही अचानक बंद पड़ गई। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। जिम्मेदारों का दावा है कि व्यवस्था बनाए रखने के लिए 6 एंबुलेंस स्पेयर रखी गई हैं। यदि कोई गाड़ी खराब होती है तो तुरंत उसकी जगह स्पेयर एंबुलेंस तैनात कर दी जाती है। हालांकि, धरातल पर दावों के उलट रोजाना एंबुलेंस बंद पड़ने और मरीजों के परेशान होने की तस्वीरें सामने आ रही हैं।
समाचार
खरगोन में 108 एंबुलेंस का बुरा हाल, इमरजेंसी सेवाएं प्रभावित
12 नवंबर 2026 को 10:25 pm बजे
