पानबिहार पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 60 वर्षीय महिला को 100 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई जा रही है। आरोपी महिला स्कूटी की डिक्की में ड्रग्स छिपाकर ले जा रही थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में 10 साल की सजा काट चुकी है। पानबिहार चौकी प्रभारी प्रवेश जाटव ने बताया कि बुधवार देर रात वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गरोठ हाईवे के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पानबिहार की ओर से उज्जैन जा रही एक स्कूटी को रोका गया। स्कूटी की तलाशी ली गई तो उसकी डिक्की से 100 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पुलिस ने स्कूटी सवार महिला को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान नजमा, पति शब्बीर खान (60), निवासी आगर नाका, उज्जैन के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में महिला का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, वह पहले इंदौर में एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में 10 साल की सजा काट चुकी है। यह जानकारी सामने आने के बाद पुलिस हैरान है। पूछताछ में आरोपी महिला ने रतलाम जिले के ताल निवासी नय्यूम खान से एमडी ड्रग्स लाना बताया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी तक ड्रग्स कैसे पहुंची। इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/12 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। आगे की जांच के लिए उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस रिमांड लेने की तैयारी में है, ताकि ड्रग्स तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। इस कार्रवाई से नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
समाचार
10 लाख की एमडी ड्रग्स के साथ महिला गिरफ्तार
12 नवंबर 2026 को 10:26 pm बजे
