पांच दिन तक परिजनों के साथ तलाश का नाटक करता रहा
दमोह जिले के गुड़ा गांव में 10 साल के अभिषेक अहिरवार की हत्या के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को युवक कमलेश अहिरवार को गिरफ्तार किया है। तेजगढ़ थाना पुलिस के अनुसार पटाखा फोड़ने को लेकर हुए विवाद के बाद कमलेश ने अभिषेक की हत्या की थी। जांच में पता चला कि 9 नवंबर को कमलेश ने अभिषेक के घर के बाहर पटाखा फोड़ा था। इस पर अभिषेक ने उसे गाली दी थी। पुलिस ने इस जानकारी के आधार पर कमलेश से पूछताछ की। पूछताछ में उसने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस अधीक्षक तेंदूखेड़ा ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी पांच दिन तक शव को अलग-अलग जगह छिपाता रहा। शव सड़ने लगा तो उसने उसे खेत में फेंक दिया। आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस के अनुसार 10 नवंबर की शाम अभिषेक घर से लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद तेजगढ़ थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस और परिजन लगातार उसकी तलाश करते रहे। 16 नवंबर की शाम खेत में अभिषेक का शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। इससे पहले पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी अभिषेक के घर के सामने पटाखा फोड़ता था। इसके बाद से आरोपी उसे मारने की फिराक में था। वह मौके की तलाश में लगा रहा। 10 नवंबर को आरोपी अभिषेक को खेत में कुछ खाने-पीने के बहाने बुलाकर ले गया। वहां उसने गला दबाकर अभिषेक की हत्या कर दी। इसके बाद वह शव को अलग-अलग जगह छिपाता रहा। शव पूरी तरह सड़ चुका था और आरोपी को लगने लगा कि अब शव को ज्यादा दिन छिपाना संभव नहीं है। इसी कारण आरोपी ने पूरी कहानी रची और शव को एक खेत में फेंक दिया। 16 नवंबर की शाम पुलिस ने शव को बरामद कर लिया। पुलिस अधीक्षक ने यह भी खुलासा किया कि आरोपी सीआईडी सीरियल देखता था। उसी सीरियल से वह अपराध से बचने के तरीके सीखता था। अभिषेक की हत्या करने के बाद आरोपी परिजनों के साथ ही उसकी खोजबीन करता रहा। जांच में यह बात भी सामने आई कि पिछले 4 वर्षों से दोनों परिवारों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी का घर मृतक के घर से 40 मीटर की दूरी पर है। दोनों परिवार आसपास ही रहते हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन की रिमांड पर लिया गया। खुलासे के दौरान तेजगढ़ थाना प्रभारी अरविंद सिंह और एसडीओपी अर्चना अहीर मौजूद रहीं। पुलिस ने मामले की आगे की जांच जारी रखने की बात कही है।
